पटियाला जज के खाते से साइबर अपराधियों ने उड़ाए 2.67 लाख
पटियाला जज के खाते से साइबर अपराधियों ने उड़ाए 2.67 लाख
सिटी पोस्ट लाइव, दुमका: साइबर अपराधियों के निशाने पर अभी तक आम जनता थी लेकिन अब अपराधी जजों को भी चूना लगाने से नहीं चूक रहे है। जिले के साइबर अपराधियों ने पंजाब राज्य के पटियाला व्यवहार न्यायालय के न्यायिक दंडाधिकारी हरमनजीत सिंह देवोल को भी शिकार बनाया। जज के खाते से अपराधियों ने सात बार में 2.67 लाख की निकासी कर ली। सारा पैसा कोर्ट परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, दुमका के एटीएम से निकाला गया है। मंगलवार को पटियाला के नाभा थाना के दो पुलिस पदाधिकारियों ने बैंक में जाकर छानबीन की और पैसा निकासी करने वाले का फुटेज हासिल किया। अब इसी फुटेज के सहारे पुलिस साइबर अपराधी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। नगर थाना में पटियाला के नाभा थाना के एएसआइ करनजीत सिंह व हेड कांस्टेबल राजा सिंह की माने तो तीन मार्च को साइबर अपराधियों ने चार बार और चार मार्च को तीन बार में जज के खाते से 2.67,500 रुपया निकासी की। चार मार्च को जज के मोबाइल पर संदेश आया कि उनके खाते से 14 हजार की निकासी की गई है। जबकि बाकी छह में निकाले गए पैसों का संदेश नहीं आया। चार मार्च को ही जज ने मामला दर्ज कराया। संदेश के आधार पर पता चला कि सारा पैसा दुमका की एसबीआइ शाखा के एटीएम से निकाला गया है। इसी सिलसिले में पुलिस छानबीन शुरू कर दी है। साइबर उपाधीक्षक के संज्ञान में पूरा मामला दे दिया गया है। बैंक में छानबीन की। जिस समय पर पैसों की निकासी की गई, उसी समय का सीसीटीवी फुटेज निकाला गया है। अब इसी के आधार पर साइबर अपराधी तक पहुंचने का प्रयास जारी है।
Comments are closed.