City Post Live
NEWS 24x7

बहोरनपुर पुरातात्विक स्थल से दो बहुमूल्य प्राचीन मूर्तियां चोरी, मचा हड़कंप

- Sponsored -

- Sponsored -

-sponsored-

सिटी पोस्ट लाइव, हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरहेत पंचायत के बहोरनपुर स्थित पुरातात्विक स्थल से दो बहुमूल्य मूर्तियां चोरी हो गयी। रविवार सुबह मूर्तियां चोरी होने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। भारतीय पुरातत्व विभाग पटना की टीम के देखरेख में चल रहे अन्वेषण और खुदाई में पिछले महीने ही दोनों मूर्तियां मिली थी। राज्य सरकार की ओर से यह कहा गया था कि इन बहुमूल्य पुरातात्विक धरोहर को संरक्षित किया जाएगा और इसे बिहार नहीं जाने दिया जाएगा।

हजारीबाग सदर प्रखंड के गुरहेत पंचायत के मुखिया महेश तिग्गा ने बताया कि सुबह में उन्हें पुरातात्विक स्थल में काम करने वाले लोग और सुरक्षाकर्मी की ओर से गड़बड़ी की सूचना दी गयी। उन्होंने बताया कि भगवान बुद्ध की जिन दो मूर्तियों की चोरी हुई है, वह काफी खूबसूरत थी। चोरी की गयी दोनों प्राचीन मूर्तियां की ऊंचाई करीब एक से सवा मीटर है। चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने कहा कि पुरातात्विक धरोहर की चोरी से स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है। वहीं ,बहुमूल्य मूर्तियों की चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस की ओर से सभी सीमाओं को सील कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस की ओर से सुरक्षा में चूक की जांच के साथ ही संदेहास्पद लोगों की छानबीन की जा रही है। पुलिस की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि जल्द ही चोरी की गयी मूर्तियां बरामद कर ली जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित होगी। जानकारों का मानना है कि खुदाई में मिली इस तरह की बेशकीमती मूर्तियों की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी होती है। इस चोरी की घटना में किसी बड़े गिरोह का हाथ है या स्थानीय स्तर के अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है, इन सारे मामलों की जांच की जा रही है।

पटना स्थित भारतीय पुरातात्विक विभाग द्वारा बहोरनपुर में की जा रही खुदाई के दौरान अब तक 12 प्राचीन मूर्तियां मिल चुकी है। जिसमें भगवान बुद्ध के अलावा मां तारा समेत अन्य मूर्तियां शामिल है। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में हाल ही में राज्य सरकार की ओर से यह बताया गया था कि मुख्य सचिव को निर्देश दिया गया है कि इन बहुमूल्य मूर्तियां और पुरातात्विक धरोहर को झारखंड में ही संरक्षित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जाए और इन्हें पटना ले जान की अनुमति नहीं दी जाएगी।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.