सिटी पोस्ट लाइव, रांची: रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र के खटंगा में गुरुवार को जमीन विवाद में दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के दीपक गोप को धारदार हथियार से मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उसके सिर पर गंभीर चोट आयी हैं। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने दीपक को रिम्स पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही खेलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। घटना के बाद दीपक गोप के पक्ष के लोगों ने खेलगांव थाना पहुंचकर आरोपित युवकों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी भी की। आक्रोशित लोगों का कहना था कि उनकी पुश्तैनी जमीन को हड़पने को लेकर हमेशा एक पक्ष के लोग मारपीट करने के लिए तैयार रहते है। पहले भी आरोपियों की ओर से दीपक पर हमला किया जा चुका है। उस समय भी मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी, लेकिन अबतक आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गयी। डीएसपी दीपक पांडेय ने बताया कि खटंगा में सुनील गोप और उसके भतीजे में जमीन विवाद चल रहा था। एक पक्ष के लोग खेत में जुताई करने गये थे, जिसकी जानकारी मिलने पर दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गये। उसके बाद दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई। इसमें सुनील ने अपने भतीजे दीपक को लाठी से मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची तबतक सुनील गोप फरार हो गया था। पुलिस आरोपितो की तलाश में छापेमारी कर रही है।
Read Also
Comments are closed.