उग्रवादी संगठन टीपीसी का सब-जोनल कमांडर गिरफ्तार, 20 लाख का था इनामी
सिटी पोस्ट लाइव : हजारीबाग पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) के सेकंड सुप्रीमो सह जोनल कमांडर कोहराम उर्फ़ लक्ष्मण गंझू को गिरफ़्तार किया है। उस पर बीस लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह पत्रकार इंद्रदेव की हत्या का मुख्य आरोपी था। पुलिस के मुताबिक, माओवादी की गिरफ्तारी कटकमसांडी थाना के विष्णुपुरी इलाके से बुधवार देर रात हुई है। उसके पास से 19.65 लाख रुपये नकद बरामद किया गया है। इसी जगह कोहराम का आलीशान बंगला भी है। जिसे पुलिस ने 2016 में सील कर दिया था।
झारखंड सरकार की ओर से कोहराम गंझू पर बीस लाख रुपये का इनाम घोषित था। टीपीसी संगठन में कोहराम का स्थान दूसरा है। पहले स्थान पर ब्रजेश गंझू है। टंडवा और पिपरवार इलाके में कोहराम के इशारे पर ही कोयला ट्रांसपोर्ट कंपनियों से हर माह करोड़ों रुपये से अधिक की लेवी की वसूली की जाती थी। कोहराम की तलाश पुलिस को लंबे समय से थी| लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा देता रहा है। कई सीनियर पुलिस अफसरों के साथ कोहराम के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। पिछले करीब आठ माह से चतरा पुलिस उसकी तलाश में थी। चतरा के नए एसपी ने कोहराम के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की थी। एनआईए को भी कोहराम की तलाश थी।
लिहाजा, चतरा पुलिस ने बुधवार रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोहराम एनआईए और झारखंड पुलिस के रडार पर था। आतंक का पर्याय बन चुके नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी के विरुद्ध पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कोहराम पर हत्या, लूट, रंगदारी, लेवी व नक्सल घटनाओं को अंजाम देने के दर्जनों मामले चतरा, हजारीबाग, लातेहार, पलामू समेत झारखंड-बिहार के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
Comments are closed.