City Post Live
NEWS 24x7

सुआरी जलटंडा गांव में पसरा है सन्नाटा, पुलिस कर रही कैंप

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

सुआरी जलटंडा गांव में पसरा है सन्नाटा, पुलिस कर रही कैंप
सिटी पोस्ट लाइव, खूंटी: कर्रा थाना के सुआरी जलटंडा गांव में भीड़ की पिटाई से एक व्यक्ति की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने की घटना के दूसरे दिन सोमवार को पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा है। पुलिस अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने जिन पांच आरोपितों को हिरासत में लिया है, उन्हें छोड़ने की मांग को लेकर उनके परिजनों ने रविवार की देर रात कर्रा थाने का घेराव किया। अधिकारियों के समझाने के बाद रात करीब 11 बजे सभी ग्रामीण वापस चले गये। इस संबंध में पूछने पर तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ऋषभ कुमार झा ने सोमवार को कहा कि कहीं कोई कानून व्यवस्था की समस्या नहीं है। पुलिस अभियुक्तों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मृतक रांची जिले के लापुंग थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वहां की पुलिस मृतक के गांव गोपालपुर की स्थिति पर नजर रखे हुए है।  एसडीएम प्रणब कुमार पाल ने कहा कि प्रशासन पूरे क्षेत्र में अभियान चला रहा है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। फिर भी एहतियातन पुलिस सुआरी गांव में कैंप कर रही है। उल्लेखनीय है कि रविवार सुबह लगभग दस बजे कर्रा के थाना प्रभारी को जानकारी मिली थी कि सुआरी जलडंडा गांव में कुछ लोग प्रतिबंधित मांस बेचने के आरोप में तीन लोगों की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। इससे लापुंग काना के गोपालपुर निवासी लरंतुस बारला नामक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। ग्रामीणों की पिटाई से महुआटोली लरता निवासी फागू कच्छप और सुआरी के फिलिप होरो गंभीर रूप से घायल हो गये। जानकारी मिलते ही पुलिस सुआरी गांव पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। फागू का इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है। फिलिफ का यहीं इलाज हो रहा है। इसके बाद डीआईजी अमोल वेणुकांत होमकर, खूंटी के उपायुक्त सूरज कुमार, प्रभारी एसपी आशुतोष शेखर, एसडीएम प्रणब कुमार पाल, तोरपा के एसडीपीओ ऋषभ कुमार झा सहित कई अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। डीआईजी ने बताया कि सुआरी के ग्रामीणों को जानकारी मिली कि कुछ लोगों गांव में प्रतिबंधित मांस बेच रहे हैं। इतना सुनते ही कुछ ग्रामीण वहां जमा हो गये और तीन लोगों की बेरहमी से पिटाई करने लगे। इससे एक व्यक्ति लरंतुस बारला ने वहीं दम तोड़ दिया। पुलिस पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.