साहेबगंज: सिर कुचल कर आदिवासी युवक की हत्या, तीन हिरासत में
सिटी पोस्ट लाइव, साहेबगंज: बोरियो थाना क्षेत्र के सिमलजोरी गांव में शनिवार रात पत्थर से सिर कुचलकर एक आदिवासी युवक की हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उसका शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान सिमलजोरी ऊपर टोला के रावण मुर्मू (45) के रूप में की गई। घटना की सूचना मिलते ही रविवार सुबह बोरियो थाना प्रभारी राजेश टुडू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी टुडू ने बताया कि मृतक शनिवार को रिश्ते की बहन बाले सोरेन के घर आया था। रात को मृतक ने बहनोई चम्पई मरांडी के साथ शराब पी और तीनों एक ही कमरे में सो गये। सुबह बहन एवं बहनोई ने रावण मुर्मू की हत्या की खबर ग्राम प्रधान को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के कारण और आरोपित का अभीतक कुछ पता नहीं चला है। पूछताछ के लिए पुलिस ने बहन, बहनोई और पास के घर की एक महिला को हिरासत में लिया है।
Comments are closed.