सिटी पोस्ट लाइव, कुशीनगर: जिले के कप्तानगंज कस्बे में बुधवार को सुबह करीब सात बजे एक अवैध पटाखा गोदाम में आग लग गयी। पटाखों के विस्फोट से सुबह-सुबह ही पूरा कस्बा दहल उठा। घटना में चार लोगों की जलकर मौत हो गई वहीं 12 लोग बुरी तरह से झुलस गए। दमकल की गाड़ियों के आग बुझाने के लिए पहुंचने तक आग और विस्फोट के कारण अगल-बगल के कई मकान इसकी चपेट में गए। तकरीबन तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कप्तानगंज कस्बे के वार्ड नम्बर 11 काफी घनी आबादी वाला मोहल्ला है। इसी मोहल्ले के निवासी जावेद के मकान में पटाखे का गोदाम है। बुधवार की सुबह जावेद और उसके परिजन नींद से उठे ही थे कि रहस्यमय परिस्थितियों में आग लग गई। घर में रखे सिलेंडर में भी विस्फाेट हो गया। गोदाम में लगी आग के कारण एक के बाद एक पटाखे विस्फोट करने लगे। घर के सदस्य बाहर निकल कर अपनी जान बचाने की कोशिश ही कर रहे थे कि आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बगल के नबी हसन की मकान में भी आग लग गई।
गली में मकान होने के कारण फायर ब्रिगेड को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने की कोशिश में जुट गई। मगर एक तरफ से आग पर टीम काबू पा रही थी तो दूसरी तरफ के मकानों में आग की लपटें उठने रह रहीं थीं। आग में घिरे जावेद (35), उसकी बीवी अनवरी (32), जावेद की मां फातिमा (65) समेत 12 लोग झुलस गए हैं। इन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया है। इनमें चार की हालत बेहद नाजुक है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के अनुसार इस घटना में कई लोग झुलसे हैं। चार की मौत हुई है। एक की शिनाख्त नाजिया 14 पुत्री अली हसन के रूप में हुई है। अन्य शवों के बुरी तरह झुलसने के कारण पहचान पाना मुश्किल हो गया है।
Read Also
Comments are closed.