कोचे मुंडा ने विधानसभा में उठाया सात आदिवासियों की हत्या का मामला
सिटी पोस्ट लाइव, खूंटी: तोरपा के भाजपा विधायक कोचे मुंडा ने बुधवार को विधानसभा में शून्यकाल के दौरान चाईबासा के गुदड़ी प्रखंड के बुरूगुलकेरा गांव में पत्थलगड़ी के नाम पर सात निर्दोष आदिवासियों की हत्या का मामला उठाते हुए कार्य स्थगन प्रस्ताव लाया। कोचे मुंडा ने कहा कि 22 जनवरी 2020 को पत्थलगड़ी समर्थकों ने बुरूगुलकेरा गांव में उप मुखिया सहित सात आदिवासियों की नृषंस हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना राज्य की विधि व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगाती है। उन्होंने कहा कि नयी सरकार के गठन के बाद पत्थलगड़ी समर्थकों को छोड़ने में की गयी जल्दीबाजी का यह प्रतिफल है। विधायक ने कहा कि नर संहार के पीड़ितों के परिजनों को आज तक न्याय नहीं मिला। सरकार द्वारा उचित मुआवजा तक नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि आज भी पत्थलगड़ी का विरोध करने वालों को सरकार सुरक्षा नहीं दे सकी है। लोग अपने को असुरक्षित समझ रहे हैं। विधायक ने इसके नामदर्ज अभियुक्तों की गिरफ्तारी, पीडितों को उचित मुआवजा व नौकरी और नर संहार की सीबीआइ जांच की मांग की।
Comments are closed.