गढवा: माओवादी समर्थक गिरफ्तार, एके 47 रायफल और 24 गोलियां बरामद
सिटी पोस्ट लाइव, गढवा: गढवा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र के पोलपोल जंगल से भाकपा माओवादी के नक्सली समर्थक मुस्तकिम मिंया उर्फ करिया मिंया को गिरफ्तार किया गया है। मुस्तकिम पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के पुनदाग निवासी है। गिरफ्तार नक्सली के निशानदेही पर पुलिस की लूटी एक ए-के 47 रायफल और 24 गोलियां बरामद की गयी हैं। नक्सली समर्थक लंबे समय से बूढ़ा पहाड़ पर माओवादियों को राशन सामग्री सहित अन्य सामान पहुंचा रहा था। रविवार को रंका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गढ़वा, लातेहार और छतीसगढ़ के सीमावर्ती बूढ़ा पहाड़ पर कुछ नक्सली समर्थक लगातार राशन सामग्री सहित अन्य सामान उपलब्ध करा रहे हैं। सूचना पर भंडरिया पुलिस की टीम बनाकर कार्रवाई की गयी। भंडरिया थाना क्षेत्र के पोलपोल जंगल से भाकपा माओवादी के नक्सली समर्थक को गिरफ्तार किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली समर्थक माआवोदियों को खाने-पीने की सामग्री तथा रोजमर्रा के लिए उपयोग किए जाने वाली सामग्री पहुंचाने का काम करता था। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली मुस्तकिम भंडरिया थाने के मदगड़ी गांव में पूर्व में रहता था। मुस्तकिम ने बताया कि बूढ़ा पहाड़ पर अभी माओवादियों की संख्या 50 से 60 के आस-पास है। उनके समक्ष जब भी दैनिक सामानों की जरूरत होती। सूचना मिलने पर वह उन तक सामान पहुंचा देता था। पिछले दिनों भंडरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत और बूढ़ा पहाड़ से सटे खपरी महुआ में नक्सलियों ने लैंड माइंस विस्फोट किया था। इस दौरान झारखंड जगुआर के जवान शहीद हुए थे।
Comments are closed.