City Post Live
NEWS 24x7

रामगढ़ में डॉक्टर के घर में हथियारबंद डकैतों ने डाला डाका

- Sponsored -

- Sponsored -

-sponsored-

रामगढ़ में डॉक्टर के घर में हथियारबंद डकैतों ने डाला डाका
सिटी पोस्ट लाइव, रामगढ़: रामगढ़ थाना क्षेत्र में हथियारबंद डकैतों ने गुरुवार मध्य रात्रि वारदात को अंजाम दिया। शहर के बाजार टांड़ सिद्धू कान्हू मैदान के पास जगदीश नगर में डकैतों ने एक डॉक्टर के घर को निशाना बनाया। यहां उन्होंने डॉक्टर समेत उनके पूरे परिवार को हथियार के बल पर बंधक बनाया। उनके घर से लगभग एक लाख की नकदी और पांच लाख रुपये के जेवरात डकैतों ने लूट लिए। घटना की पुष्टि करते हुए रामगढ़ एसडीपीओ अनुज उरांव ने बताया कि डॉ. रणधीर कुमार ने सुबह 4 बजे पुलिस को डकैती की सूचना दी। पुलिस तत्काल वहां पहुंची और डकैतों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि रात लगभग 2 बजे पांच नकाबपोश डकैत हथियार के साथ उनके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। सबसे पहले हॉल के पास बने कमरे में डॉ. रणधीर कुमार के बेटे सत्यम (16) और  भांजे आशुतोष कुमार उर्फ आर्यन (12) को उन लोगों ने बंधक बनाया। दोनों के हाथ बांधने के बाद उन्हीं लोगों से दूसरे कमरे में अपनी पत्नी रेखा देवी के साथ सो रहे डॉक्टर रणधीर को उठाया गया। उसके बाद तीसरे कमरे में सो रहे डॉ. रणधीर के पिता महादेव प्रसाद, मां पार्वती देवी और बेटी अनुष्का (9)  को डकैतों ने उठाया। डकैतों ने उन सभी को एक कमरे में बंदकर पूरे घर में लूटपाट शुरू की। घर के अलमीरा, दीवान और कपड़ों तक को डकैतों ने पूरी तरीके से खंगाला। डकैतों को अलमीरा में लगभग एक लाख रुपये मिले। इसके बाद डॉ. रणधीर कुमार के कमरे से भी कुछ हजार रुपए उन्हें मिले। डकैतों ने उनके घर से लगभग पांच लाख के जेवर लूटे। डकैतों ने रेखा देवी और पार्वती देवी से पहने हुए जेवर भी उतरवा लिए। उन सभी को कमरे में बंद कर डकैत आराम से भाग निकले।
सीसीएल से रिटायर होने के बाद शहर में महादेव प्रसाद ने बनाया घर
डॉ. रणधीर कुमार के पिता महादेव प्रसाद मूल रूप से हजारीबाग जिले के पदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैया गांव के निवासी हैं। वह सीसीएल में कार्यरत थे। वर्ष 2015 में रिटायर होने के बाद उन्होंने रामगढ़ शहर के जगदीश नगर में मकान बनाया और यहीं रहने लगे। डॉ. रणधीर कुमार होम्योपैथ दवाओं के होलसेल विक्रेता भी हैं। उनकी दुकान रामगढ़ शहर के बगड़िया कॉम्प्लेक्स में है। उनका कारोबार भी काफी अच्छा चलता है। उन्होंने दवाओं का गोदाम भी अपने घर में ही बना रखा है। लुटेरों को यह पता था कि उनके घर में कितने सदस्य हैं और उनके घर में लूट के दौरान मोटी रकम मिल सकती है। सीसीएल से रिटायर महादेव प्रसाद भी उनके निशाने पर थे। लुटेरों को यह भी पता था की इस घर से वे खाली हाथ नहीं लौटेंगे। एसडीपीओ अनुज उरांव ने बताया कि जिस तरीके से डॉ.रणधीर कुमार के घर को डकैतों ने निशाना बनाया है। यह साफ है कि उनके घर कारोबार और उनके घर में रहने वाले लोगों की अच्छी तरीके से रेकी की गई है। गुरुवार रात बारिश काफी हो रही थी और 11 बजे से ही शहर में बिजली भी गुल थी। लुटेरों को इस बात का भी फायदा मिला और उन्होंने बेखौफ होकर हथियार के दम पर वारदात को अंजाम दिया।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.