दुष्कर्म के बाद किरोसिन छिड़क कर महिला को जिंदा जलाने की कोशिश, स्थिति गंभीर, आरोपित फरार
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के टेलोनारी में एक महिला के साथ दुष्कर्म के बाद आरोपित ने किरोसिन तेल छिड़क कर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। महिला को गंभीर हालत में गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त महिला अपने घर में अकेली थी। सिर्फ उसकी बच्ची साथ थी। महिला ने बताया कि उसका पड़ोसी छोटुआ दास शनिवार देर रात उसके घर में घुस आया और दुष्कर्म किया। इसके बाद किरोसिन तेल डालकर आग लगा दी और भाग निकला। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और महिला को हॉस्पिटल पहुंचाया। पीड़ित महिला का पति कोलकाता में काम करता है। महिला की सास किसी काम से रात को दूसरे गांव गई थी और घर में अपनी बेटी के साथ महिला अकेली थी। बेंगाबाद थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपित छोटुआ दास फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
Comments are closed.