City Post Live
NEWS 24x7

गुमला में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत, 19 घायल

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

गुमला में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत, 19 घायल

पहली घटनाः सिसई थाना क्षेत्र में बराती गाड़ी पलटने से तीन की मौत, 12 घायल।
दूसरी घटनाः रांची में शादी समारोह से लौट रहा था गुमला, पेड़ से टकराई कार, मौत।
तीसरी घटनाः बिशुनपुर में हुई, इसमें दो की मौत और सात घायल, मृतकों की पहचान नहीं।

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड के गुमला जिला में शनिवार की रात तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज गुमला सदर अस्पताल और रांची के रिम्स में चल रहा है। जिन लोगों को हल्की चोट आई थी, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दुर्घटनाएं गुमला जिले के सिसई, बिशुनपुर और भरनो प्रखंड में हुईं। पहली दुर्घटना सिसई ब्लॉक के पुसो थाना के समीप हुई। सभी लोग घाघरा ब्लॉक के हापामुनि गांव से पुसो डीपाटोली संजय उरांव की शादी में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटने के क्रम में रात 11 बजे ट्रक पुसो थाना के समीप तालाब में पलट गया। इसमें तीन छात्रों की मौत हो गई तथा 12 लोग घायल हो गए। मृतकों गणेश उरांव(9), विनोद उरांव(11) और शिव उरांव(8) शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को गुमला सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने रिम्स(राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) रेफर कर दिया। शेष लोगों का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है। घायलों ने बताया कि ट्रक का चालक शराब के नशे में था। मना करने के बावजूद वह बहुत ही तेज गति से ट्रक चला रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर ट्रक तालाब में पलट गया। दूसरी घटना भरनो के समीप हुई। शनिवार देर रात ढाई बजे रांची-गुमला एनएच-23 पर सड़क हादसे में सिसई थाना क्षेत्र निवासी अमरजीत शर्मा(26) की मौत हो गई। अमरजीत सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र भरनो में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। अमरजीत शनिवार की शाम अपने दोस्तों के साथ रांची में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर गुमला लौट रहा था। इस दौरान उसने अपने दोस्तों को भरनो में उतार दिया और अकेले सिसई जा रहा था। इसी दौरान एनएच-23 पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि अमरजीत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर भरनो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया और कार को थाना ले आई। तीसरी दुर्घटना बिशुनपुर ब्लॉक के चटकपुर गांव के समीप घटी। बॉक्साइट लदे एक ट्रक पर सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने 9 युवक बनारी गुटुवा गांव से हुरहुर करचा गांव जा रहे थे। इस ट्रक का चालक धनु लाल भी शराब के नशे में धुत्त था। चटकपुर के समीप अनियंत्रित होकर बॉक्साइट ट्रक पेड़ से टकरा गया। इससे घटनास्थल पर ही दो युवकों की मौत हो गई तथा सात लोग घायल हो गए। घायलों को सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया है, इनमें दो की स्थिति गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को डॉक्टर ने रिम्स रेफर कर दिया। मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.