बैलून में गैस भरने वाला सिलेंडर ने ली एक की जान, 18 घायल
सिटी पोस्ट लाइव, लातेहार : बालूमाथ थाना क्षेत्र के मकइयाटांड़ हेमपुर गांव में बुधवार को लगे जतरा मेला में बैलून में गैस भरने वाला सिलेंडर फटने से अयुब अंसारी की मौत हो गई । जबकि लगभग 18 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को बालूमाथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 14 को रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है। घायलों में कमलेश यादव, मो. जमीरउद्दीन ,राहुल गंझु, प्रदीप उरांव, रामनाथ लोहरा, अनिमा कुमारी, राजेश्वर उरांव, अरुण मिंज, कैसर रजा, सचिन उरांव, राजकुमार उरांव, और अनिता कुमारी शामिल हैं। शेष अन्य घायलों का नाम पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार हेमपुर में जतरा मेला लगा था। इसी दौरान मेले में गुब्बारे में गैस भरने वाला सिलेंडर भी आया था। अचानक सिलेंडर फट गया, जिससे अयुब अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक लोहरदगा जिले के सेन्हा का रहने वाला था। अन्य घायल हेमपुर के ही बताए जाते हैं। इनमें कमलेश यादव और मो. जमीरउद्दीन का एक पैर ही विस्फोट में उड़ गया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य चला रही है।
Comments are closed.