हाइवा ने खड़े कंटेनर में मारी जोरदार टक्कर, चालक की मौत
सिटी पोस्ट लाइव, दुमका: दुमका जिले के हंसडीहा दुमका मुख्य मार्ग पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के धावाताड़ गांव के समीप स्थित एक लाईन होटल के सामने खड़े कंटेनर में गिट्टी लदा अनियंत्रित हाइवा ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी जिससे हाइवा चालक कि घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र रंगिया गांव निवासी अरुण कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गिट्टी लदा हाईवा जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरसडंगाल के क्रशर गिट्टी लेकर जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का चालक ट्रक में ही फंसा रह गया। उसके बाद पोकलेंन व किरान की मदद से चार घंटे बड़ी मशक्त के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। घटना रविवार देर रात करीब एक बजे की बतायी गई। शव को हंसडीहा पुलिस अपने कब्जे में लेकर हंसडीहा थाना ले आयी हैं। इधर घटना के बाद हंसडीहा दुमका मुख्य मार्ग का आवागमन कुछ देर के लिए बाधित रहा। सूचना मिलने पर थाना के एएसआई सुनील कुमार आजाद दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच दोनों दुर्घनाग्रस्त वाहन को स्टेट हाइवे से हटवाया। उसके बाद आवागमन पुनः चालू हो सका। थाना प्रभारी मनोज कुमार राय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। सोमवार को मृतक के परिजनों को पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
Comments are closed.