गढ़वा हादसा: बस के खाई में गिरने से छह की मौत, 40 घायल
Read Also
सिटी पोस्ट लाइव, गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में मंगलवार सुबह बड़ा बस हादसा हुआ है। छत्तीसगढ़ से गढ़वा(झारखंड) आ रही पॉपुलर बस सदर थाना के पास एनएच-343 अन्नराज घाटी की खाई में गिर गई। इस हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल हुए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक शिवानी तिवारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के बाद छह शव निकाला गया है। अब भी कई लोग बस में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। बीस से ज्यादा घायलों को नजदीकी अस्पताल शकर सोता में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को सदर अस्पताल भेजा गया है। सदर अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए सिविल सर्जन डॉ. एनके रजक के नेतृत्व में मेडिकल टीम लगी हुई है। कई घायलों की स्थिति गंभीर है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस अंबिकापुर से गढ़वा जा रही थी। बस में कुल 52 यात्री सवार थे। घटना के समय सभी यात्री सो रहे थे, जिससे भारी नुकसान हुआ है। मरने वालों में एक महिला और एक पुरुष यात्री शामिल है। वहीं घायलों में सीआरपीएफ का भी एक जवान शामिल है। पुलिस के मुताबिक मरने वाले वालों में अंबिकापुर निवासी प्रदीप गुप्ता(50), हर्ष जायसवाल(10), बेलवाटीकर की प्रतिमा देवी के नाम शामिल हैं। तीन अन्य की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस घटना के कारण की जांच-पड़ताल कर रही है।
Comments are closed.