भारत दर्शन पर निकले देश के प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों की टीम पहुंची रांची
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: भारत दर्शन पर निकले देश के 18 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों की टीम शनिवार को रांची पहुंची। रांची में इन अधिकारियों का तीन दिनों का प्रवास है। प्रशिक्षु अधिकारी राज्य सरकार के नगर विकास विभाग के क्रियाकलापों की जानकारी ले रहे हैं। शनिवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार में विभागीय सचिव अजय कुमार सिंह ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित किया और भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी योजनाओं के साथ-साथ राज्य सरकार के नगर विकास व आवास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी। अजय कुमार ने जेएनएनयूआरएम, स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन व नमामि गंगे जैसी योजनाओं और राज्य में उनके क्रियान्वयन की जानकारी प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को दी। उन्होंने एक आईएएस के रूप में अपने 23 साल के अनुभव को साझा किया और कई टिप्स देते हुए प्रशिक्षु अधिकारियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। सचिव ने कहा की देश में शहरी विकास सरकार की बड़ी प्राथमिकता इसलिए है कि शहरों में रहने वाली आबादी देश की आबादी का लगभग 30 प्रतिशत है, लेकिन जीडीपी में शहरों की हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत के आसपास है। इस क्रम में स्टेट अर्बन डेवलपमेंट एजेंसी के निदेशक अमित कुमार ने विभिन्न विभागों और यूएलबी द्वारा किए जा रहे कार्यों और पीपीपी मोड पर वसूले जाने वाले होल्डिंग सहित अन्य टैक्स के तौर तरीके की जानकारी दी। 13 जनवरी को रांची के नगर आयुक्त मनोज कुमार अधिकारियों को संबोधित करेंगे और रांची नगर निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी देंगे। इस दौरान प्रशिक्षुओं को कई निर्माण कार्यों के स्थल पर ले जाया जायेगा। शनिवार को भी नगर निगम की टीम इन्हें राजधानी में कई जगहों पर ले गयी। 14 जनवरी को निदेशक, नगरीय प्रशासन निदेशालय, आशीष सिंहमार इन प्रशिक्षु अधिकारियों को कई पहलुओं से रूबरू कराएंगे और राज्य में किस तरीके से नगर विकास विभाग का नगरीय प्रशासन निदेशालय काम कर रहा है, उसकी जानकारी देंगे।