City Post Live
NEWS 24x7

रघुवर सरकार राज्य के लिए अपशकुन : हेमंत सोरेन

- Sponsored -

- Sponsored -

-sponsored-

रघुवर सरकार राज्य के लिए अपशकुन : हेमंत सोरेन

सिटी पोस्ट लाइव, दुमका: झारखंड के प्रतिपक्ष नेता सह झामुमो कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने झामुमो के 40वें स्थापना दिवस पर हुंकार भरते हुए जनता से देश और राज्य में स्थित भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की आह्वान शनिवार देर रात किया। कार्यक्रम को संबोधन के दौरान भाजपा के रघुवर सरकार को राज्य के लिए अपशकुन बताते हुये जनता को बोरिया बिस्तर समेट कर छत्तीसगढ़ भेजने की अपील की। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में उन्होंने यह भी कहा कि संताल परगना झामुमो के गढ़ में झूठ के पुलिंदे लेकर सेंधमारी करने वाली भाजपा को पता नहीं कि झामुमो एक चट्टान है। जिसे भेदना संभव नहीं है। चाहे प्रधानमंत्री हों या फिर मुख्यमंत्री या कोई और हों, वर्ष 2019 में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने सीएम को राज्य के लिए अभिशाप बताते हुये अपशब्द कहा। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार अपना झूठ छिपाकर होडिंग, बैनर और टीवी रेडियो पर प्रचार करा रही है। कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में काला धन के नाम पर लाये गए नोट बंदी से लोगों को सड़क पर लाकर भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कहा, मोदी बहुत खतरनाक हैं। काला धन के नाम पर देश से नीरव और माल्या को भगा दिया। भय, भूख और भ्रष्टाचार मुक्त झारखंड कहने वाली यह सरकार खुद इसी में लिप्त है। ये संथाल परगना के लिए अपशकुन ही नहीं एक अभिशाप भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रोजगार के लिए दूसरे देशों से भीख मांगते हैं। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिस देश का राजा व्यापारी होता है, उस देश की प्रजा भिखारी हो जाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पैर ठीक नहीं हैं। यह राज्य के लिए अभिशाप हैं।
राजमहल सांसद विजय हांसदा ने वर्तमान सरकार पर बाहरी लोगों को सम्मान एवं झारखंड के लोगों को अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने माटी की पार्टी झामुमो को और माटी का बेटा हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री बनाने का अपील की। इस अवसर पर शिकारीपाड़ा विधायक नलीन सोरेन ने भाजपा को उद्योगपतियों की पार्टी बताया। उन्होंने जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का अपील की। प्रो. स्टेफन मरांडी ने वर्तमान केंद्र एवं राज्य सरकार को कागजी घोड़ा बताया। कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन सहित सभी विधायक, सांसद, वरिष्ठ नेता और जिला से लेकर पंचायत स्तर तक के पार्टी प्रतिनिधि मौजूद थे। पूरा मैदान देर रात तक खचाखच भरा पड़ा था। कार्यक्रम शाम 4 बजे एसपी कॉलेज से रैली निकाल कर गांधी मैदान में सभा मे तब्दील हो गई। जो देर रात करीब सवा एक बजे तक चली।
झारखंड में एक और आंदोलन की जरूरत : शिबू सोरेन
केंद्रीय अध्यक्ष दिशोम गुरू शिबू सोरेन ने एक और आंदोलन का आह्वान किया। कहा, राज्य की जो स्थिति है इस परिस्थिति में एक और आंदोलन की जरूरत है। उन्होंने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को अनिवार्य रूप से शिक्षित करें। किसानों से फलों एवं सब्जी की खेती मेहनत से करने की अपील की।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.