नगर निगम के नए भवन का उद्घाटन मार्च में हो सकता है
Read Also
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: रांची नगर निगम के नए भवन का निर्माण राजधानी रांची के कचहरी रोड में किया जा रहा है। भवन निर्माण का काम अंतिम चरण में है। संभावना जतायी जा रही है कि मार्च महीने में इसका उद्घाटन होगा। रांची नगर निगम के नए भवन का निर्माण लगभग 31 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। नए भवन में मेयर, डिप्टी मेयर और अधिकारियों के अलावा पार्षदों के बैठने की भी व्यवस्था होगी। जानकारी के अनुसार नए भवन के पहले तल्ले पर मेयर और नगर आयुक्त का कार्यालय होगा। साथ ही बोर्ड मीटिंग हॉल और समीक्षा बैठक कक्ष भी होगा। इसके अलावा दो उप नगर आयुक्त का कक्ष भी इसी तल्ले पर होगा। तीसरे तल्ले पर बिजली, स्वास्थ्य शाखा और पानी का कक्ष होगा। चौथे तल्ले पर चीफ इंजीनियर का कार्यालय व अन्य अभियंताओं का कक्ष होगा। जबकि पांचवें तल्ले पर विधि शाखा व कार्यालय अधीक्षक का कक्ष होगा। इसके अलावा सातवें तल्ले पर स्मार्ट सिटी का भी कार्यालय होगा। रांची नगर निगम के नए भवन में पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की गई है। यहां पर कुल एक साथ लगभग 300 वाहनों की पार्किंग हो सकती है। इनमें लगभग 70 चार पहिया वाहन व 200 से अधिक दोपहिया वाहन पार्क हो सकेंगे। नगर निगम के नए भवन के ग्राउंड फ्लोर में जन सुविधा केंद्र होगा, जहां आम आदमी यहां पर टैक्स जमा कर सकते हैं। साथ ही किसी भी प्रकार की शिकायत भी दर्ज करवा सकेंगे। उल्लेखनीय है कि रांची नगर निगम का भवन कचहरी रोड में चल रहा है। यहां पर पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है। जिस कारण आए दिन नगर निगम के पास जाम लगा रहता है।
Comments are closed.