पूरे प्रदेश में शीतलहर जारी, मैक्लुस्कीगंज में पारा -1 सेल्सियस पर, कांके में शून्य डिग्री
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड में न्यूनतम तापमान माइनस में आ गया है। अब कड़ाके की ठंड में ही नव वर्ष का स्वागत होगा। रविवार सुबह मैक्लुस्कीगंज का पारा माइनस 1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मैक्लुस्कीगंज के बाद सबसे कम तापमान राजधानी रांची से सटे कांके में जीरो डिग्री दर्ज किया गया। दोनों जगहों मैक्लुस्कीगंज और कांके में खुले आसमान के नीचे पुआल पर ओस की बूंदें तक जम गईं। इसके साथ ही राज्य शीत लहर भी चल रही है। अगले तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिन में धूप तो तेज निकल रही है, लेकिन सुबह और शाम हाड़ कंपाऊं ठंड है। अब तक पूरे प्रदेश में ठंड से 15 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम केंद्र ने बताया कि रांची, पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज सहित अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री रहने की संभावना जताई गई। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हजारीबाग का 03 और रामगढ़ का न्यूनतम तापमान 04 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पलामू का न्यूनतम तापमान भी पांच डिग्री सेल्सियस से घट कर 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बोकारो का न्यूनतम तापमान भी करीब पांच डिग्री सेल्सियस है।
जिला-न्यूनतम-अधिकतम तापमान एक नजर में ;
हजारीबाग- 3 – 22 डिग्री सेल्सियस
रामगढ़ – 4 – 21
पलामू – 4.6- 22.8
रांची – 4.8- 21.4
बोकारो- 5- 21
गिरिडीह- 5-22
चाईबासा- 6-22
देवघर- 7 -22
दुमका- 7-22
जमशेदपुर- 7.8 -23
पाकुड़ – 9.3-23
राज्य में 49 साल बाद पहली बार माइनस में रिकॉर्ड किया गया पारा
मौसम केंद्र रांची के अनुसार 1969 से अब तक राज्य में कभी भी पारा इतना नीचे नहीं गिरा था । 49 साल में पहली बार झारखंड में शनिवार सुबह 4.45 बजे मैक्लुस्कीगंज का पारा माइनस 1.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। आज सुबह -1 डिग्री रहा। शनिवार को कांके का पारा .01 डिग्री सेल्सियस रहा था। राजधानी रांची, हजारीबाग, रामगढ़, पलामू समेत राज्य के कई जिलों का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
Comments are closed.