किसान सशक्तीकरण को लेकर ब्रह्मकुमारियों ने निकाली शोभायात्रा
सिटी पोस्ट लाइव, बोकारो : झारखंड में किसानों के सशक्तीकरण को लेकर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से विशेष पहल की गई है। किसान जैविक खेती के प्रति उन्मुख हों, पवित्र मन से पवित्र अन्न का उत्पादन हो सके, इसी ध्येय के साथ सोमवार को संस्था के किसान सशक्तीकरण अभियान के तहत एक शोभायात्रा का आयोजन बोकारो में किया गया। नगर के सेक्टर- 4ई स्थित क्षेत्रीय मुख्यालय, राजयोग भवन से निकाली गई यह शोभायात्रा लगभग दो घंटे तक चली। इसमें शामिल बड़ी संख्या में ब्रह्मकुमारियों एवं संस्थान से जुड़े ब्रह्म कुमारों ने विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। आयोजकों ने कहा कि पवित्र अन्न से पवित्र मन का निर्माण होता है, इसी सोच के साथ संस्था यह आयोजन कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं उसकी सहयोगी संस्था एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के तहत कृषि एवं ग्रामीण विकास प्रभाग गोकुल गांव, स्वर्णिम भारत की स्थापना के लिए कृतसंकल्प है। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं बिहार सरकार के सहयोग अभियान की सफलता के बाद अब संस्था द्वारा झारखंड में किसान सशक्तीकरण अभियान का आयोजन आगामी 22 नवंबर से 3 दिसंबर तक किया जा रहा है जिसके लिए यह शोभायात्रा निकाली गई ।
Comments are closed.