City Post Live
NEWS 24x7

स्वास्थ्य मंत्री ने किया थैलेसीमीया, सिकल सेल अनिमिया एवं हीमोफिलीया डे-केयर सेंटर का उद्घाटन

- Sponsored -

- Sponsored -

-sponsored-

स्वास्थ्य मंत्री ने किया थैलेसीमीया, सिकल सेल अनिमिया एवं हीमोफिलीया डे-केयर सेंटर का उद्घाटन

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार एक विजन के साथ आगे बढ़ रही है। राज्य के अस्पतालों में बेहतर सुविधा हो, इसके लिए सरकार प्रयासरत है। गुप्ता गुरूवार को रांची सदर अस्पताल में थैलेसीमीया, सिकल सेल अनिमिया एवं हीमोफिलीया डे-केयर सेंटर का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि डे-केयर सेंटर का उद्घाटन सीएसआर के तहत हुआ है। आईसीआईसीआई बैंक की ओर से 51 लाख 30 हजार रूपये का चेक दिया गया है। हम मिलकर राज्य के विकास के लिए काम करेंगे। यहां के डॉक्टर, नर्सिंग स्टॉफ सभी मिलकर बेहतर काम करेंगे। डॉक्टर और मरीज के बीच बेहतर समन्वय और परस्पर रिश्ता बने, ऐसा प्रयास है। उन्होंने कहा कि जब इनके चेहरे पर मुस्कान रहेगा, तो मरीज के चेहरे पर भी मुस्कान रहेगा। तभी झारखंड की तस्वीर बदलेगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर सुरक्षा की मांग करते हैं। हम कहते हैं कि आपके साथ सरकार है। गिरिडीह में एक महिला डाक्टर के साथ छेड़खानी हुई, हमने तुरंत एक्शन लिया और दो लोगों को सस्पेंड किया गया। इसी तक धनबाद के डॉ अशोक प्रसाद के साथ लूट हुई। हमने तुरंत डीसी और एसपी को निर्देश दिया। इस मामले में सात लूटेरों को गिरफ्तार किया गया।

डाक्टर पर हमला, राज्य सरकार की विफलता है। लेकिन सरकार आपके साथ है। हम कार्रवाई करते हैं। डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट को लेकर चिंतित नहीं हों। आपका साथ और सहयोगी बनाकर मुझे भेजा गया है। यहां जो बेड पर हैं, वह ठीक होकर जायें। ऐसा प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह गत दिनों सीएमसी गये थे। वहां डाक्टर मरीजों के यूरीन तक फेंकते हैं। डॉक्टर मरीजों के सिर पर हाथ रखते हैं, इससे आधी बीमारी मरीज की दूर हो जाती है। डॉक्टर भगवान का दूसरा रूप होता है। उन्होंने कहा कि कुछ बच्चों में खून की कमी होती है। यहां रखकर ऐसे बच्चों का इलाज किया जायेगा। यहां ममता घर का भी शुभारंभ किया गया है। ऐसी महिलाएं जिनकी समस्या गंभीर है। उन्हें यहां लाकर रखा जायेगा, ताकि सही और समय पर डिलीवरी करायी जा सके।

स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने कहा कि आज खुशी का दिन है कि यहां डे-केयर सेंटर का शुभारंभ हुआ है। यहां की कैपेसिटी बढ़ी है। यहां पर मुंबई के चिकित्सकों को बुलाकर यहां के डॉक्टरों को प्रशिक्षण दिलाया गया है। अभी यह सेवा रांची और जमशेदपुर में शुरू हुआ है। जल्द ही 10-12 जिलों में यह और शुरू किया जायेगा। रांची डीसी राय महिमापत रे ने कहा कि झारखंड ही नहीं देश का पहला सदर अस्पताल होगा, जहां नी रिप्लेस की सर्जरी होगी। जल्द ही इसकी शुरूआत की जायेगी। यहां ममता घर शुरू किया गया है। इसका लाभ लोगों को मिलेगा। इस अवसर पर मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा आयुष्मान भारत के तहत तीन डाक्टरों को नियुक्ति पत्र दिया गया। नियुक्ति पत्र पाने वालों में डॉ प्रभा रश्मि लकड़ा, शिप्रा शरण और मुजामिल फिरोज शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि यहां अब डे-केयर सेंटर में सीटों की संख्या 32 है। यहां बच्चों के खेलने से संबंधित प्ले रूम का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आईसीआईसीआई बैंक के जोनल हेड अशोक शर्मा, सिविल सर्जन वीबी प्रसाद, डॉ सीमा देवी, सुशांत सिन्हा, डॉ शैलेश चौरसिया आदि मौजूद थे।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.