1983 में बिहार में हुए चर्चित हत्याकांड ‘द बॉबी स्कैंडल’ जल्द सिल्वर स्क्रीन पर
सेक्स, क्राइम, सीबीआई और सरकार की कहानी
सिटी पोस्ट लाइव : वर्ष 1983 में बिहार के सत्ता में हलचल पैदा करने वाला एक हत्या कांड हुआ था। इस हत्या कांड के कारण उस वक्त बिहार की सरकार गिरने की कगार पर आ चुकी थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. जगरनाथ मिश्रा सरकार के करीब 50 विधायकों ने इस हत्या कांड की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर सरकार गिरने की भी चेतावनी दे डाली थी। एक युवती की हुई हत्या ने पूरे बिहार को हिला डाला था। अब इस घटना को लेकर लिपिस्टिक बॉय फेम फ़िल्म निर्देशक अभिनव ठाकुर फ़िल्म बनाने जा रहे हैं। फ़िल्म को लेकर वे पहले पटना और धनबाद पहुंचे। पत्रकारों और कलाकारों से मिले। घटना को लेकर चर्चाएं की और इस फ़िल्म के बारे में बात की।
अभिनव ठाकुर ने कहा कि इस हत्याकांड को सिल्वर स्क्रीन पर द बॉबी स्कैंडल के नाम से लाया जा रहा है। फ़िल्म का निर्माण एएमजे एंटरटेनमेंट और रॉक साल्ट प्रोडक्शन कंपनी कर रही है। इसके निर्माता अर्जुन बुंदेला, मिहिर ठाकरे, जयवंत ठाकरे, पूजा पाहूजा, अल्ताफ खान और प्रीति जैन हैं। ठाकुर ने बताया कि मुम्बई में रहते हुए उन्होंने इस कहानी पर रिसर्च करना शुरू किया। कई बार पटना समेत आसपास के इलाकों के अलावा झारखंड के दौर किया। उस वक़्त बिहार और झारखंड एक ही थे। घटना की जांच से जुड़े अधिकारियों और स्थानीय पत्रकारों से बातचीत की। उस वक्त इस घटना कांड को प्रकाशित करने वाले उन दोनों अखबारों को खोजा गया।
तब जाकर द बॉबी स्कैंडल फ़िल्म की कहानी तैयार हो सकी। अब इस फ़िल्म का निर्माण होने जा रहा है। ठाकुर ने बताया कि फ़िल्म की कास्टिंग को लेकर उनका पटना और धनबाद आना हुआ है। फ़िल्म के लिए बड़े कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि फ़िल्म की शूटिंग बिहार, झारखंड के साथ मध्य प्रदेश के भोपाल में होगी। ऐसे में जरूरी है कि इन राज्यों के कलाकारों को भी मौका मिले।
अभिनव ठाकुर सत्य घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और लुप्त होते विभिन्न आर्ट फॉर्म को आधार बनाकर फ़िल्म बनाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्म ये सुहागरात इम्म्पॉसिबेल, लिपिस्टिक बॉय काफी चर्चे में रही हैं। अब वे द बॉबी स्कैंडल फ़िल्म के माध्यम से एक बार फिर से बिहार की सत्य घटना को सिल्वर स्क्रीन पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। इस घटना के कई पहलुओं को उजागर करने से फिलहाल उन्होंने इनकार किया और कहा कि अभी बहुत कुछ स्क्रीन पर देखने को मिलेगा। ठाकुर ने कहा कि त्याहारों का सीजन समाप्त होते ही फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।
Comments are closed.