City Post Live
NEWS 24x7

भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाना है : रघुवर दास

- Sponsored -

-sponsored-

- Sponsored -

भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाना है : रघुवर दास

सिटी पोस्ट लाइव, रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि हमें भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाना है। राज्य सरकार इस दिशा में काम कर रही है। झारखंड की धरती ऐसे अनेक वीर सपूतों की जननी रही है, जिनके त्याग और बलिदान की संघर्ष गाथा हमें राष्ट्र और राज्य के लिए कुछ करने की प्रेरणा देती है। हमें साहस और बल प्रदान करती है। रघुवर दास गुरूवार को झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हमारा झारखंड 18 वर्ष का हो गया है। एक ऐसा राज्य जिसने स्थायी विकास एवं समृद्धि के सपने को लेकर शैशवावस्था से लेकर युवावस्था तक का सफर तय किया है। इन 18 वर्षों में राज्य के विकास में कई उतार चढ़ाव आये। इसमें कोई दो राय नहीं कि इन 18 वर्षों में झारखंड ने कई उपलब्धियां अर्जित की हैं, तो कई ऐसे क्षेत्र भी हैं, जहां अभी बहुत कुछ करना शेष है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के पूर्व तक हम विकास के दृष्टिकोण से उपेक्षित रहे, परंतु राज्य गठन के बाद विकास की यात्रा शुरू हुई। आज 18 साल का हमारा युवा झारखंड अपनी उर्जा, क्षमता, कौशल और आत्मविश्वास के बल पर देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल हुआ है। झारखंड देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज देश और दुनिया झारखंड की ओर देख रही है। अब झारखंड के पास अवसरों की कमी नहीं है। चाहे आधारभूत संरचना में निवेश की बात हो, उर्जा क्षेत्र को सुदृढ करने की बात हो या उद्योग धंधों की बात हो। आज हर क्षेत्र में नये अवसर उपलब्ध हैं। झारखंड की जनता के सहयोग एवं भरोसे के साथ हम जल्द ही झारखंड को विकसित राज्यों की श्रेणी में स्थान दिलाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद सड़क, बिजली, पानी, शौचालय की दिशा में काम किया गया। राज्य में शिक्षा की स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। स्कूलों में आधारभूत संरचना उपलब्ध नहीं था। हमारी सरकार ने बेंच, डेस्क सहित अन्य सुविधाओं के साथ शिक्षकों की नियुक्ति की। शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर पर शिक्षकों की बहाली की गयी। इसी कड़ी में आज उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय के नव चयनित 1385 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया जा रहा है। दास ने कहा कि 17784 हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस वर्ष के अंत तक इसे पूर्ण कर लिया जायेगा। राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत नव चयनित 713 राजस्व कर्मचारी एवं अमीन को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। राज्य के 30 लाख घर ऐसे थे जहां बिजली नहीं थी। दिसम्बर 2018 तक हर घर में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य है। साथ ही 2019 तक 24 घंटे और सातों दिन 24 घंटे बिजली देने की योजना है। राज्य के रामगढ़, बोकारो, धनबाद और रांची के अलावा आज लोहरदगा, हजारीबाग और देवघर को पूर्ण विद्युतीकरण जिला होने की घोषणा की गयी। उज्जवला योजना के तहत पिछले ढ़ाई वर्षों में सवा करोड एलईडी बल्ब का वितरण किया गया। सौभाग्य योजना के तहत पिछले 10 महीने में 6.5 लाख घरों में बिजली पहुंचाई गयी। उन्होंने कहा कि आदिवासी, दलित, शोषित, वंचित एवं पिछड़े समाज का उत्थान हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आदिवासी उप योजना, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यकों के कल्याण से संबंधित बजटीय प्रावधान में उल्लेखनीय वृद्धि की गयी है। जनजातीय समाज की शिक्षा के लिए 143 आवासीय विद्यालय, 32 पहाड़िया दिवाकालीन विद्यार्थियों का संचालन किया जा रहा है। 11 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का संचालन शुरू किया गया है। महिलाओं की भागीदारी सभी क्षेत्रों में सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। राज्य में महिलाओं का योगदान बढ़ा है। आज झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर संपूर्ण राज्य को खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) घोषित किया गया है। राज्य ने शौचालय निर्माण के क्षेत्र में रानी मिस्त्री के रूप में एक नई एवं अनूठी अवधारणा की शुरूआत की गयी है। जिसे पूरे देश में सराहा जा रहा है। राज्य की महिलाओं ने रानी मिस्त्री के रूप में शौचालय निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पिछले चार वर्षों में झारखंड में 32 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिला है। कृषि क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2022 तक किसानों की आय को दोगुणा करने का लक्ष्य रखा है। इस दिशा में पहल करते हुए सरकार ने किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल को इजराइल भेजा। वहां से किसान आकर यहां पर अपना अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा नवम्बर में ग्लोबल एग्रिकल्चर फूड समिट का भी आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कृषि पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया है। इसका समापन 28, 29 नवम्बर को आयोजित ग्लोबल एग्रीकल्चर फूड समिट के दौरान होगा। उन्होंने कहा कि देवघर में एम्स का शिलान्यास प्रधानमंत्री ने किया है। इसका निर्माण हो जाने से संथाल परगना क्षेत्र के साथ साथ राज्य की संपूर्ण जनता को गंभीर बीमारियों के लिए राज्य के अंदर ही बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। कांके में कैंसर अस्पताल का शिलान्यास टाटा ट्रस्ट के सहयोग से किया गया है। अब कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में राज्य की जनता को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। राज्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए सरकार कृतसंकल्पित है। आयुष्मान भारत के आयुष्मान नागरिक की संकल्पना को मूर्त रूप प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री ने झारखंड से इसकी शुरूआत की। इससे राज्य के 57 लाख परिवार लाभान्वित होंगे। इससे पांच लाख रूपये तक का इलाज फ्री में करवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार एक ओर जहां विकास के लिए बढ़े हुए हाथ को पूर्ण सहयोग व समर्थन देने के लिए कटिबद्ध है। वहीं दूसरी ओर विकास के रास्ते में रूकावट बनने वाले अपराधिक तत्वों एवं सामाजिक समरसता तथा सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाले आसामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए कृत संकल्पित है।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.