City Post Live
NEWS 24x7

रांची: एनडीए को पहले से ज्यादा बड़ा जनादेशः रघुवर दास

-sponsored-

-sponsored-

- Sponsored -

रांची: एनडीए को पहले से ज्यादा बड़ा जनादेशः रघुवर दास

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने देश और प्रदेश की जनता के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि भारतीय राजनीति के इतिहास में यह एक नया अध्याय जुड़ा जब एक सरकार के कार्यक्रमों एवं उसके नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए जनता ने एनडीए को पहले से ज्यादा जनादेश दिया। दास ने गुरुवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में कहा कि यह जीत इतिहास  में एक मिसाल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के कुशल नेतृत्व एवं रणनीति के तहत सुरक्षा और विकास चुनाव का मुद्दा बना। यह जीत इसी मुद्दे की जीत है। दास ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो सहित विपक्षियों ने जिस प्रकार झूठ, फरेब की राजनीति की उसका जनता ने सफाया किया। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि देश और प्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं ने एनडीए की जीत के लिए समन्वय स्थापित कर परिश्रम किया। झारखंड में स्वार्थी एवं भ्रष्टाचारियों का गठबंधन बना जिसे प्रदेश की जनता ने नकार दिया। जनता ने जातिवाद, सम्प्रदायवाद से ऊपर उठकर विकास को पसंद किया और यह राष्ट्र के लिए शुभ संकेत है। आनेवाले दिनों में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत, नया झारखंड बनेगा। एक समृद्ध और सुरक्षित भारत होगा, जिसमें हर घर में खुशहाली होगी, गरीबों के चेहरे पर मुस्कान होगी। 2022 तक संकल्प को सिद्धि में बदलेंगे। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार से नए झारखंड का स्वप्न भी साकार होगा। झारखंड की आदिवासी जनता अब जाग चुकी है और उन्होंने वोट बैंक समझने वालों को नकारा है क्योंकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं जमीन तक पहुंची दास ने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन  स्वयं चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे और कांग्रेस से गठबंधन के खिलाफ थे पर बेटे हेमंत सोरेन ने अपने पिता का साथ नहीं दिया इसलिए जनता ने भी साथ नहीं दिया। आनेवाले समय में संथाल में विकास की बयार बहेगी। सभी समाज में समरसता के साथ सबके विकास के लिए विकास कार्यक्रम चलेंगे। अब व्यक्तिवाद, वंशवाद, राजतंत्र नहीं चलेगा बल्कि लोकतंत्र चलेगा। इस अवसर पर भाजपा के  प्रदेश उपाध्यक्ष  आदित्य साहू, महामंत्री दीपक प्रकाश, 20 सूत्री उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, महापौर आशा लकड़ा भी उपस्थित थीं। इससे पहले एनडीए की अप्रत्याशित जीत के बाद भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री  रघुवर दास आज शाम पहुंचे, जहां प्रदेश के नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया जीत की बधाइयां दी।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.