कचहरी मैदान पर समारोह में मंत्री नीलकंड ने फहराया तिरंगा
सिटी पोस्ट लाइव, खूंटी: जश्न-ए-आजादी पर जिले भर में कई स्थानों पर शान से तिरंगा लहराया। कहीं प्रभातफेरी, तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम, तो कहीं खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर लोगों ने आजादी की वर्षगांठ मनायी। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के कार्यालयों, बैंक आदि में लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। गुरुवार को 73वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह कचहरी मैदान में आयोजित किया गया, जहां राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। मौके पर स्वतंत्रता आंदोलन के शहीदों व सेनानियों को नमन करते हुए मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि देश की आजादी के लिए अनगिनत सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी और आज भी यह सिलसिला जारी है। उन्होंने कहा कि राज्य के अग्रणी नायक भगवान बिरसा मुंडा, शहीद गया सिंह मुंडा सहित कई वीर इसी खूंटी की धरती पर अवतरित हुए थे। उन्होंने मुरहू के शहीद जाबरा मुंडा को भी मंच से नमन किया। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2000 में झारखंड राज्य के अस्तित्व में आने के बाद राज्य लगातार प्रगति पर कर है। 2014 में राज्य में स्थिर सरकार आने के बाद राज्य की आशातीत प्रगति हुई है। केंद्र और राज्य सरकार का प्रयास है कि 2022 किसानों की आमदनी दोगुनी हो जाए। मौके पर उन्होंने केंद्र व राज्य सकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कृषि कार्य में लागत सहायता के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना और राज्य में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना लागू की गयी है। इस योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में सहायता के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी किसान उठा रहे हैं। मंत्री मुंडा ने आयुष्मान भारत, सड़क निर्माण, बिजली, जल संचय सहित सरकार की हर क्षेत्र की उपलब्धियों और विकास योजनाओं की चर्चा की और लोगों का आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर राज्य और देश के विकास में योगदान दें। समारोह में उपायुक्त सूरज कुमार, एसपी आलोक, आईटीडीए के निदेशक भीष्म कुमार, एसडीएम प्रणब कुमार पाल सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, न्यायिक और पुलिस पदाधिकारी के साथ भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
Comments are closed.