इजरायल से लौटे लक्ष्मण किसानों को सिखायेंगे आधुनिक खेती की तकनीक
सिटी पोस्ट लाइव, गिरिडीह: इजरायल की यात्रा सेे लाैटे गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड के अम्बाटांड़ के लक्ष्मण महतो अब क्षेत्र के किसानों को खेती की तकनीकी सिखायेंगे। बुधवार को महतो ने बताया कि इजराइल में पठारी एवं बंजर भूमि है फिर भी फसलें लहलहाती हैं। टपक विधि से कम पानी से सिंचाई की तकनीक विकसित है। उन्होंने कहा कि इजरायल में भोजन में 25 फीसदी कच्चे-पक्के फल ही होते हैं। वहां उन्होंने खेती के कई अचूक और बेजोड़ नुस्खे सीखे हैं, जिसे वे जिले के किसानों को शेयर करना चाहते हैं, ताकि वे भी आर्थिक रूप से समृद्ध हो सकें। उल्लेखनीय है कि मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन करने वाले लक्ष्मण महतो की जिंदगी में नया मोड़ तब आया था, जब वे 2010 में जाने माने सामाजिक कार्यकर्ता सुधीर द्विवेदी से मिले। उन्होंने लक्ष्मण को कृषि को व्यवसाय के तौर पर अपनाने की नसीहत देते हुए कृषि विभाग की आत्मा के कार्यक्रमों से जोड़ा। आत्मा से विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण प्राप्त कर लक्ष्मण ने नए तरीके से खेती जब शुरू किया तो कई गुना मुनाफा हुआ। उपज में उत्साहजनक वृद्धि हुई। फिर क्या था पूरा परिवार खेती में रम गया। 13 अक्टूबर को इजरायल जाने वाले किसानों में महतो का चयन झारखण्ड सरकार ने चयनित 24 कृषकों में किया था। 20 अक्टूबर को इजरायल से लौेटे लक्ष्मण उत्साह से लबरेज हैं औ अपने आसपास के किसानों को कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी देंगे।
Comments are closed.