सिटी पोस्ट लाइव, रामगढ़: दो दिवसीय रजरप्पा महोत्सव के आखिरी दिन बॉलीवुड के मशहूर गायक हिमेश रेशमिया का जलवा रहा। रविवार की रात उन्होंने अपने गानों पर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने अपने द्वारा गाए गए गीतों के साथ महोत्सव में चार चांद लगा दिया। रात 10 बजे हिमेश रेशमिया ने जब स्टेज संभाला तो वहां मौजूद दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद हिमेश रेशमिया ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामगढ़ जिला प्रशासन की ओर सेे किया गया है आयोजन काफी शानदार है। उन्होंने रामगढ़ की जनता की प्रशंसा भी की। हिमेश रेशमिया ने साफ तौर पर कहा कि यहां के दर्शक मुंबई के दर्शकों से कम नहीं है। इनकी पसंद भी काफी उच्च कोटि की है। उन्होंने बताया कि जिन गीतों की प्रस्तुति वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच पर करते हैं, वैसे ही प्रस्तुति उन्होंने रजरप्पा महोत्सव के मंच पर भी दी है। यहां के दर्शकों ने उन्हें जो रिस्पांस दिया है, उससे यह स्पष्ट होता है कि यहां के लोगों में कला और संगीत रचा बसा है। उन्होंने बताया कि झारखंड के धरती उन्हें काफी पसंद आई है। रामगढ़ मां छिन्नमस्तिका का दरबार भी उन्हें काफी भाया है। उन्होंने मां छिन्नमस्तिका के चरणों में अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें काफी अच्छा महसूस हुआ है।
Comments are closed.