City Post Live
NEWS 24x7

रामगढ़ शहर से पूरे प्रदेश में लांच हुआ “मिशन पिंक हेल्थ”

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

रामगढ़ शहर से पूरे प्रदेश में लांच हुआ “मिशन पिंक हेल्थ”
सिटी पोस्ट लाइव, रामगढ़: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की सबसे महत्वाकांक्षी योजना मिशन पिंक रामगढ़ जिले से पूरे प्रदेश में एकसाथ लॉन्च किया गया। शहर के छावनी परिषद् हॉस्पिटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आईएमए के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर ए के सिंह, हॉस्पिटल बोर्ड ऑफ इंडिया के झारखंड चैप्टर अध्यक्ष डॉ सुशील कुमार और आईएमए के रांची जिला अध्यक्ष डॉक्टर शंभू सिंह ने इस योजना को लॉन्च किया। इस मौके पर रामगढ़ छावनी परिषद् के सीईओ सपन कुमार भी मौजूद थे। आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर एके सिंह ने कहा कि झारखंड में आईएमए की 26 शाखाएं हैं। इसमें सबसे बेहतर कार्य रामगढ़ जिले में हो रहा है। यहां 43 मिशन पिंक हेल्थ शिविर का आयोजन हुआ है। इन आयोजनों में कुल 55000 किशोर बच्चियों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि मिशन पिंक हेल्थ का उद्देश्य किशोरी बच्चियों को माहवारी के समय बरती जाने वाली सफाई और उनके स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर जागरूकता फैलाना है। बच्चियों में माहवारी के दौरान होने वाले संक्रमण से कई बीमारियां होती हैं। अगर महिलाओं को इनसे सुरक्षित नहीं किया गया तो हमारे समाज का विकास असंभव है। उन्होंने कहा कि बच्चियों को सेनेटरी पैड का वितरण कर उन्हें इसका इस्तेमाल करने को भी कहा जाता है। साथ ही उन्हें आयरन और कैल्शियम की दवाई दी जाती है, ताकि उनके शरीर में खून की कमी ना हो। साथ ही वह अपने समाज में अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक कर सकें। छावनी परिषद् के सीईओ सपन कुमार ने कहा कि छावनी परिषद् ने इस वर्ष के सबसे बेहतर कार्य में मिशन पिंक हेल्थ को चयनित किया है। साथ ही इसके द्वारा किए जाने वाले कार्यों को रक्षा मंत्रालय तक भेजा है। उन्होंने कहा कि बच्चियों के स्वास्थ्य के लिए प्रधानमंत्री ने मिशन शुरू किया है। इस मिशन को पूरे प्रदेश में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के लोग आगे बढ़ा रहे हैं। मिशन पिंक हेल्थ की झारखंड को चेयरपर्सन डॉक्टर सांत्वना सरन को इस क्षेत्र में कार्य करने के लिए मुंबई में आयोजित एक समारोह में सम्मानित भी किया गया है। इस मौके पर डॉ सांत्वना शरण ने कहा कि जुलाई 2018 में रामगढ़ में मिशन पिंक हेल्थ की शुरुआत हुई थी। आज हम लोग हर शिविर में बच्चियों को सेक्सुअल एब्यूज, एनीमिया, गुड टच, बैड टच, मेंस्ट्रूअल हाइजीन, गर्ल्स ट्रैफिकिंग जैसे मुद्दों पर अवेयर करते हैं। इस मिशन को झारखंड के उस तबके तक पहुंचाना है, जो आज भी महावारी के वक्त गंदा कपड़ा इस्तेमाल करता है। इस मौके पर अतिथियों ने डॉक्टर सुधीर आर्या, डॉ. मृत्युंजय सिंह, डॉ अनुपम सिंह, डॉक्टर एके बरेलिया सहित कई लोगों को मिशन पिंक हेल्थ में बेहतर सहयोग करने के लिए सम्मानित भी किया।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.