परमात्मा का अवतरण संसार के उद्धार के लिए होता है : निर्मला बहन
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान की संचालिका निर्मला बहन ने कहा कि परमपिता परमात्मा का दिव्य अवतरण इस संसार के उद्धार के लिए होता है। निर्मला बहन बुधवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा रथ यात्रा के अवसर पर हरमू स्थित हरित भवन में आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थी। उन्होंने कहा कि परमात्मा विदेही अर्थात देह रहित जन्म मरण से न्यारे दिव्य आध्यात्मिक ज्योति पूंज हैं। इस विश्व के पुनः निर्माण के लिए उन्हें साकार करने में मनुष्य रथ की आवश्यकता होती है। जगत के नाथ के रूप में श्रीकृष्ण व अन्य विग्रहों की पूजा भारतवर्ष में होती है। परमात्मा ने वास्तव में साकार मानवी रथ सृष्टि के रचनाकार प्रजापिता ब्रह्मा के माध्यम से नई सृष्टि श्रीकृष्णपुरी की रचना की थी। जिस कारण आज भी मानव रथ पूजा के रूप में परमात्मा के उस माध्यम की स्मृति मन में लाते हैं। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर यही दिव्य संदेश है कि परमात्म अवतरण के इस पुरूषोत्तम संगम युग पर शुभ कर्मों की कलम से अपने ऊंचे भविष्य की रचना करें। राजयोग का अभ्यास, ईश्वरीय ज्ञान का प्रतिदिन श्रवण, अध्ययन तथा दिव्य गुणों की धारणा के साथ ब्रह्मचर्य का पालन इसमें मदद करता है। परमात्मा सारथी हैं। सारथी परमात्मा के रथ के साथ-साथ जो आत्माएं परमात्म कार्य में सहयोगी बनती हैं, उन्हें सफलता अवश्य मिलती है।
Comments are closed.