नहाय खाय के साथ कोयलांचल में लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू
सिटी पोस्ट लाइव, धनबाद : कोयलांचल में नहाय खाय के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू हो गया। व्रतियों की मानें तो छठ पर्व करने से असीम शांति मिलती है। छठ महापर्व की तैयारी पिछले एक सप्ताह से चल रही थी। व्रतियों के घर में छठ मैया के गीत गूंजने लगे हैं। रविवार को व्रतियां ने सबसे पहले नदी-तालाब आदि स्थानों पर स्नान कर भगवान सूर्य को अर्ध्य अर्पित किया और अरवा चावल, चना दाल और कद्दू का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद घर परिवार के सभी लोगों ने नहाय खाय के प्रसाद को ग्रहण किया। सोमवार को खरना में आम की लकड़ी पर चुपड़ी और गाय के दूध से अरवा चावल की खीर बनेगी । इसके बाद व्रती विधि-विधान से छठ मइया की पूजा-अर्चना करेंगे। छठ मइया को केले के पत्ते पर खीर, चुपड़ी, केला और दूध अर्पित किया जाएगा। इसके बाद व्रती छठ मइया का प्रसाद ग्रहण करेंगे। व्रती के प्रसाद ग्रहण करने के बाद परिवार के सदस्य छठ मइया का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा। मंगलवार को संध्या अर्घ्य और बुधवार को उदयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन हो जाएगा।
Comments are closed.