जनता मुखर हो तो नक्सल अभियान को मिलेगी तेज़ गति : डीआईजी
सितंबर में 223 अपराधी और 17 उग्रवादियों को किया गया गिरफ्तार
जनता मुखर हो तो नक्सल अभियान को मिलेगी तेज़ गति : डीआईजी
सिटी पोस्ट लाइव, मेदिनीनगर: पलामू की जनता यदि अपनी चुप्पी तोड़े तो नक्सल अभियान को और गति मिलेगी। यह बातें सोमवार को पलामू रेंज के डीआईजी विपुल शुक्ला ने कही। वे सितंबर माह में हुई उपलब्धियों के बारे में जानकारी दे रहे थे। डीआईजी ने बताया कि सितंबर में 223 अपराधी और 17 उग्रवादी गिरफ्तार किये गये। साथ ही 91 कुर्की और 736 वारंट का निष्पादन किया गया। नक्सलियों के खिलाफ 135 एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाये गए। वहीं अपराधियों के पास से 7 देसी कट्टा, 5 गोली, नक्सलियों के पास से 3 कट्टा, 3 कारबाइन मैगजीन, 7 ट्रक, 2 बाइक, 2 ट्रैक्टर और 51 हज़ार नकद बरामद किये गये। पूरे प्रमंडल में साइबर क्राइम के 6 मामले दर्ज किये गए हैं। नक्सल अभियान के तहत सबसे अधिक पलामू में 67, गढ़वा में 52 और लातेहार में 16 कार्यवाही हुई। उन्होंने बताया कि नक्सलियों के अलावा पलामू में 83, गढ़वा में 61 व लातेहार में 79 अपराधियों की गिरफ्तारी की गयी है। डीआईजी ने बताया कि हम यह नहीं कह सकते हैं कि पलामू उग्रवाद मुक्त हो चुका है, पर होल्ड की स्थिति में है। हमारा दबाव इतना है कि वे रुके हुए हैं। नक्सल ऑपरेशन कारगर साबित हुआ है। उग्रवाद के नाम पर कुछ लोग अपनी दुकानदारी चला रहे हैं। डीआईजी ने बताया कि शहीदों के परिवार के लिए एक विशेष कोषांग खोला जाएगा। अपनी किसी भी प्रकार की परेशानी को वे इस फोरम में रख सकेंगे।
Comments are closed.