प्रधानमंत्री को नीच बताना पूरे देश की जनता, विशेषकर गरीबों का अपमान : भाजपा
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के राइजिंग कश्मीर में छपे लेख की कड़ी आलोचना की है, जिसमें उन्होंने फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नीच व्यक्ति बताया है। शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस का यह बयान पूरे देश की जनता सहित विशेषकर गरीबों का अपमान है। शाहदेव मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव से पहले 7 दिसंबर 2017 को भी मणिशंकर अय्यर ने ऐसा ही बयान दिया था। आज उन्होंने यह दोबारा लिखित बयान देकर सिद्ध कर दिया कि यह बयान कांग्रेस आलाकमान के कहने पर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीयत और कार्यशैली बदलने वाली नहीं है। इसके पहले जब अय्यर ने मोदी को नीच आदमी कहा था तब माफी भी मांगी थी। इसके बावजूद एकबार फिर उन्होंने मोदी के लिए अपशब्द का इस्तेमाल किया है। शाहदेव ने कहा कि वंशवाद कितना जहरीला होता है, देश के लिए कितना खतरनाक होता है, ये कांग्रेस पार्टी की करनी में दिखता है। एक परिवार की अंधभक्ति में उसे हर गरीब नीच दिखने लगता है। एक गरीब मां का बेटा देश का प्रधानमंत्री बने यह इन्हें बर्दाश्त नहीं होता। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन द्वारा ट्विटर पर मुख्यमंत्री को मूर्ख मंत्री कहकर संबोधित करने पर शाहदेव ने आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि हेमंत अपने कार्यकाल को याद करके ऐसा बोल रहे हैं। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और पूर्व प्रवक्ता प्रेम मित्तल भी उपस्थित थे।
Comments are closed.