संगठन तभी मजबूत होगा, जब हम जनता के बीच जायेंगे : रामेश्वर उरांव
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा, जब आप जनता के बीच जायेंगे। गांवों में लोगों के बीच जाकर हमें सरकार की योजनाओं को बताना होगा और उनकी समास्याओं का समाधान करना होगा। उरांव बुधवार को कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के 16 विधायकों को अपने क्षेत्र के अलावा एक और विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेवारी दी जायेगी। उनसे कहा जायेगा कि हर विधायक अपने बगल के विधानसभा को गोद ले और उस विधानसभा क्षेत्र का भी लगातार भ्रमण करे। उरांव ने कहा कि सरकार की योजना जो गरीबों के लिए है, उसका लाभ उनको मिले। इसका कांग्रेस कार्यकर्ता निगरानी करें। रामेश्वर उरांव ने कहा कि सरकार और कांग्रेस संगठन के बीच उचित तालमेल बैठाकर विकास को मंजिल तक पहुंचाना है। बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झारखण्ड सरकार से अपेक्षा की है कि चुनाव के दौरान घोषणा पत्र के अनुसार किसान का ऋण माफी, धान खरीद का मूल्य 2500 रूपये तय करने, जरूरतमंदों का राशन कार्ड बनाने, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में काम करने, वक्फ बोर्ड के सभी शर्तों का पालन करने, विकास कार्य को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के कार्यों के लिए मंत्रियों को कई बहुमूल्य सुझाव दिये।
मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि सरकार और संगठन में समन्वय बनाकर काम किया जायेगा। झारखण्ड के गांव स्वलम्बी बनें, इस दिशा में सरकार का प्रयास होगा। सरकार की योजनाओं का एवं कार्यों का प्रचार-प्रसार भी कांग्रेस कार्यकर्ता करें। मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि जो जिम्मेवारी पार्टी ने दी है, उसका सम्मान करते हुए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जो किसान दो लाख तक के कर्ज लिये हुए हैं। उनकी सूची मंगाने के लिए उन्होंने पत्र लिखा है। धान के समर्थन मूल्य 2500 रूपये किये जाने के लिए वह कटिबद्ध हैं।
Comments are closed.