पीएम सिर्फ कांग्रेस की चर्चा करते हैं, भूख से हुई मौत की नहीं : आरपीएन सिंह
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने पूरे भाषण के दौरान सिर्फ कांग्रेस की ही चर्चा करते रहे हैं। जबकि प्रधानमंत्री ने एकबार भी भूख से हुई मौत पर कुछ नहीं कहा। सिंह रविवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों की आत्महत्या को लेकर भी उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। बेरोजगारी को लेकर युवाओं का लगातार हो रहा पलायन, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, दुष्कर्म पर एक शब्द भी प्रधानमंत्री ने नहीं कहा। प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की चर्चा की लेकिन उन 4532 स्कूलों को, जिन्हें राज्य सरकार ने बंद कर दिया, उसपर एक शब्द नहीं कहा। उन्होंने कहा कि लगातार झारखण्ड में और पूरे देश में वहशीपन की घटना बढ़ रही है। झारखण्ड में लगातार बच्चियों की अस्मिता लूटी जा रही है, इसके बारे में भी प्रधानमंत्री ने कोई चर्चा नहीं की। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जिस संथाल की धरती से जल-जंगल-जमीन को मुद्दा समझते हुए सुरक्षित रखने की गारंटी दे रहे थे, उसी संथाल में रघुवर दास की सरकार ने सीएनटी-एसपीटी एक्ट कानून, वनों का अधिकार कानून, भूमि अधिग्रहण कानून का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जिस मेहनत और लगन से काम किया है, पिछले पॉंच वर्षों से जनता की समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार संघर्ष करते रहे हैं। उसी का नतीजा है कि हम लगातार हर चरण के चुनाव में बढ़त बनाते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 16 दिसम्बर को होने वाले चौथे चरण के 15 विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव में कांग्रेस का परचम लहरायेगा और पांचवां चरण तो हमारा अभेद किला है, जिसे विरोधी हिला भी नहीं सकते। प्रेसवार्ता में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरॉंव, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, संजय लाल पासवान, प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे और लाल किशोरनाथ शाहदेव उपस्थित थे।
Comments are closed.