City Post Live
NEWS 24x7

आज देश को तोड़ने वाली शक्तियां पूर्व के मुकाबले ज्यादा सक्रिय हैं : रघुवर दास

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

आज देश को तोड़ने वाली शक्तियां पूर्व के मुकाबले ज्यादा सक्रिय हैं :रघुवर दास

सिटी पोस्ट लाइव, रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आज भी सरदार पटेल प्रासंगिक हैं और वे देश की एकता और अखण्डता के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री दास ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर रांची में आयोजित रन फॉर यूनिटी में भाग लेने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश को तोड़ने वाली शक्तियां पूर्व के मुकाबले ज्यादा सक्रिय हैं। कोई जातिवाद के नाम पर, कोई संप्रदाय के नाम पर और कोई भारत माता तेरे टुकड़े होंगे के नाम पर देश को तोड़ने के लिए सक्रिय है। ऐसी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब देने की हमें जरूरत है। सरदार पटेल जिन्होंने आजादी के बाद 550 से ज्यादा रियासतों को देश में शामिल कर, देश की एकता को मजबूत करने का काम किया था, आज उनके जन्मदिन के अवसर पर हम संकल्प लें कि देश की एकता और अखंडता को हम अक्षुण रखेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे देश में एकता के लिए रन फॉर यूनिटी का आयोजन हो रहा है। रांचीवासियों समेत पूरे राज्य में रन फॉर यूनिटी में शामिल स्कूल के बच्चों, हमारे जवानों, कस्तुरबा गांधी विद्यालय की बच्चियों को बधाई, जिन्होंने सुबह-सुबह आज देश की एकता के लिए दौड़ में शामिल होकर दुनिया को ये दिखाने का काम किया कि जब भी देश पर आंच आएगी तब देश की सवा सौ करोड़ आबादी हमेशा साथ खड़ी रहेगी। महात्मा गांधी और एकता के प्रतीक सरदार पटेल, जिन्होंने देश के लिए कुर्बानी दी, उनकी तरह हम भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं, ये संदेश पूरी दुनिया में गया है। भारत माता की कोख से अनेक महापुरुषों ने जन्म लिया। ऐसे ही एक महापुरुष सरदार पटेल भी थे। दास ने कहा कि पहले आजादी और फिर आजाद भारत में देश की एकता और अखंडता के लिए उन्होंने जो काम किया वो अतुलनीय है। लेकिन उन्हें सम्मान देने का काम आजादी के 70 साल बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। सरदार पटेल की जयंती पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का लोकार्पण आज किया जो दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा है। यह सम्मान उन्हें बहुत पहले दे दिया चाहिए था। लेकिन देश में वर्षों से शासन करने वाले लोगों ने ऐसे महापुरूषों को दरकिनार करने का काम किया। जबसे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार आयी, भारत सरकार ने 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के तौर पर मनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सैनिक मार्केट से रन फॉर यूनिटी को रवाना किया। वे स्वयं भी इसमें शामिल होकर पैदल ही अलबर्ट एक्का चौक पहुंचे। यहां उन्होंने परेड को सलामी दी। इसमें जैप, कस्तूरबा गांधी व अन्य स्कूलों की छात्राओं ने मार्च पास्ट किया। कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, कल्याण मंत्री लुईस मरांडी, स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, शिक्षा मंत्री नीरा यादव, सांसद रामटहल चौधरी, विधायक नवीन जायसवाल, रामकुमार पाहन, डॉ जीतू चरण राम, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, गृह विभाग के प्रधान सचिव एसकेजी रहाटे, डीजीपी डी के पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, डीजी (जैप) नीरज सिन्हा, डीजी (मुख्यालय) पीआरके नायडू, रांची के नगर आयुक्त मनोज कुमार समेत बड़ी संख्या में गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.