City Post Live
NEWS 24x7

गिरिडीह, धनबाद, सिंहभूम और जमशेदपुर में शांतिपूर्ण मतदान शुरू

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

गिरिडीह, धनबाद, सिंहभूम और जमशेदपुर में शांतिपूर्ण मतदान शुरू

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: देश के छठे और झारखंड के तीसरे चरण में चार लोकसभा सीटों धनबाद, गिरिडीह, जमशेदपुर और सिंहभूम (सुरक्षित) के लिए रविवार की सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने बताया कि इन चार सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सुबह सात बजे से शांतिपूर्ण शुरू हो गया। इन चार सीटों के लिए कुल 8300 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 2582  मतदान केंद्र शहरी औऱ 5718 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाके में हैं। इन मतदान केंद्रों पर कुल 66,85,401 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 35,05,565 पुरुष, 31,79,720 महिला और थर्ड जेंडर के 104 मतदाता है। इसके अलावा 84,338 नए मतदाता (18-19 साल के) पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। नए मतदाताओं में 49,727 पुरुष, 34,604 महिला और सात थर्ड जेंडर हैं। इन चारों सीट के लिए कुल 67 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इसमें 57 पुरुष और 10 महिला उम्मीदवार हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री चंद्र प्रकाश चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, सांसद पीएन सिंह व विद्युतवरण महतो, राज्य के पूर्व मंत्री चंपई सोरेन, विधायक गीता कोड़ा और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद शामिल हैं। चंद्र प्रकाश चौधरी का गिरिडीह में विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार झामुमो के जगरनाथ महतो से सीधा मुकाबला है। सिंहभूम संसदीय क्षेत्र में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा और कांग्रेस की गीता कोड़ा आमने सामने हैं। धनबाद लोकसभा सीट पर भाजपा के पीएन सिंह और कांग्रेस के कीर्ति आजाद के बीच सीधी टक्कर है। जमशेदपुर में भाजपा के विद्युतवरण महतो को विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार झामुमो के चंपई सोरेन चुनौती दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में इन चारों सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया था।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.