नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम बनायें, ताकि विश्व में देश का नाम चमकता रहेः अर्जुन मुंडा
भाजपा उम्मीदवार ने कर्रा और खूंटी के गावों में चलाया जनसंपर्क अभियान, मांगा जीत का आशीर्वाद
नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम बनायें, ताकि विश्व में देश का नाम चमकता रहेः अर्जुन मुंडा
सिटी पोस्ट लाइव, खूंटी: भाजपा उम्मीदवार अर्जुन मुंडा ने राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को कर्रा और खूंटी प्रखंड के कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर और भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील की। रविवार को उन्होंने कर्रा में पार्टी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की शक्ति हैं। यहां के कार्यकर्ता काफी ऊर्जावान और जुझारू हैं। यही कारण है कि खूंटी में भाजपा लगातार जीत हासिल करती आयी है। खूंटी के रेवा, बिरहू, और वरटोली गांव में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और फूल-मालाओं से लाद दिया। जनसंपर्क अभियान के दौरान अर्जुन मुंडा ने लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव देश का भविष्य तय करेगा। आपने कड़िया मुंडा को विजयी बनाकर आठ बार लोकसभा में भेजा। उन्होंने कहा कि हमलोग तालाब से कमल निकालकर लक्ष्मी जी को अर्पित करते हैं। इसबार भी छह मई को कमल फूल का बटन दबाकर भाजपा उम्मीदवार को संसद भेजें। उन्होंने कहा कि हमें एकबार फिर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है, ताकि दुनिया में भारत का नाम चमकता रहे।
अर्जुन हर सुख-दुःख में आपके साथ खड़े रहेंगेः नीलकंठ सिंह मुंडा
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि आपने शुरू से ही भारतीय जनता पार्टी को अपार स्नेह दिया है। इसबार और अधिक उत्साह के साथ छह मई को कमल फूल के बटन को दबाकर अर्जुन मुंडा को संसद में भेजें। अर्जुन मुंडा आपके हर सुख-दुःख में आपके साथ खड़े रहेंगे। इस मौके पर जिला बीस सूत्री के अध्यक्ष ओपी कश्यप, भाजपा के जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, वैद्यनाथ मिश्रा, जगरनाथ मुंडा, अमरनाथ मुंडा, संजय साहू, राजेश नाग, परमानंद कश्यप, बुद्धदेव कश्यप सहित अन्य उपस्थित थे।
Comments are closed.