City Post Live
NEWS 24x7

झामुमो की सरकार बनती है तो हर हाथ को काम और हर खेत को मिलेगा पानी : हेमंत

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

झामुमो की सरकार बनती है तो हर हाथ को काम और हर खेत को मिलेगा पानी : हेमंत

सिटी पोस्ट लाइव, दुमका: झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के नेतृत्व में जारी संघर्ष यात्रा रविवार को जामा विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ प्रखंड के पथरिया गांव पहुंची। वहां सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन कहा कि जनता ने इस बार झामुमो को पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का फैसला कर लिया है। अगर राज्य में झामुमो की सरकार बनती है तो हर हाथ को रोजगार व हर खेत तक पानी पहुंचाने का काम सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार ने यहां के लोगों का जीना हराम कर दिया है। जब तक इस राज्य में आदिवासी-मूलवासी की सरकार नहीं बनती है तब तक यहां के लोगों का कल्याण नहीं हो सकता है। वर्तमान में झारखंड की परिस्थिति ठीक नहीं है। यहां के मूलवासी एवं आदिवासी सुरक्षित नहीं हैं। गुरुजी ने अलग राज्य बनाने के लिए 30-40 वर्षों तक संघर्ष किया। राज्य गठन के 18 वर्ष बाद भी राज्य का समुचित विकास नहीं हो सका। राज्य में सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा की स्थिति काफी बदतर है। पूरे राज्य में सुखाड़ से किसानों की हालत खराब हो गई है। इससे भाजपा सरकार को कोई लेना-देना नहीं है। सरकार षडयंत्र के तहत भू-माफिया एवं खनिज माफिया के इशारे पर कानून में संशोधन करना चाहती है। हेमंत ने कहा, केंद्र एवं राज्य में जबसे भाजपा की सरकार बनी है तब से बेरोजगारी सबसे अधिक बढ़ी है। मोदी सरकार ने सबसे अधिक किसानों का अपमान किया है। मोदी सरकार किसानों का आय दोगुनी करने की बात कहती है, लेकिन आज तक एक भी किसान की आय दोगुनी नहीं हो पायी है। सरकार गांव-गांव में शौचालय का निर्माण करा रही है। जबकि एक भी शौचालय ग्रामीणों द्वारा उपयोग नहीं किया जाता है। शौचालय गोयठा रखने का काम आता है। सरकार ठेकेदारी के लिए गांव-गांव में डोभा का निर्माण करवायी, लेकिन आज एक भी डोभा में पानी नहीं है। बरसात के दिनों में डोभा में मवेशी डुबकर मरते हैं। वर्ष 2019 चुनावी वर्ष है। इस वर्ष को चुनौती वर्ष भी मानकर कार्यकर्ताओं से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य की रघुवर सरकार की नीति काफी खराब है। झामुमो यहां के लोगों के सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष यात्रा के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है। विधायक सीता सोरेन ने कहा कि राज्य गठन को 18 वर्ष हो गये, लेकिन यहां के लोगों के लिए कोई नियम-कानून नहीं बना। भाजपा सरकार पूंजीपतियों को बसाने एवं अपनी जेब भरने के लिए काम करती है। राज्य के लोग आज भी रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर हैं। गरीब की स्थिति काफी खराब है। सरकार केवल कागज पर रिपोर्ट तैयार कर जनता को दिखाती है। झामुमो माटी की पार्टी है। इसी से राज्य का विकास हो सकता है।
हंसडीहा गांधी चौक पहुंची हेमंत कि संघर्ष यात्रा
झामुमो की संघर्ष यात्रा हंसडीहा के गांधी चौक में रविवार को पहुंची। हेमंत सोरेन ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा की सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकना है। ये सरकार गरीब किसान जनता के बीच सिर्फ जुमलेबाजी करती है। पांच साल पूरे होने वाले हैं, लेकिन सरकार का ध्यान अभी तक गरीब किसान की ओर केंद्रित नहीं है। यह सरकार बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए है। वर्तमान मुख्यमंत्री पर रघुवर दास पर निशाना साधते हुए कहा कि यह जनविरोधी सरकार है। अलग राज्य बनने का सपना लोगों ने देखा था कि प्रदेश में खुशहाली आयेगी, लेकिन बाहरी व्यक्ति को सीएम बनाकर भाजपा ने दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यकों के बीच भेदभाव कर जनता को लड़ाने का काम किया। राज्य में कोयले का भंडार है, लेकिन सरकार गैस चुल्हे बांटने में लगी है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुभाष सिंह, केंद्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह, सरैयाहाट प्रखंड अध्यक्ष देवलाल बेसरा, प्रखंड उपाध्यक्ष आमना खातून, अभय सिंह, गुरु टुडू, राजकिशोर राउत, हबीब अंसारी, कमरू जमा, डब्लू यादव, बनारसी यादव, नीरज सिंह ( बंटी), मुर्तजा अंसारी, सुकदेव मरांडी, रविकंचन जायसवाल, अरूण मंडल, पंकज चौधरी, राजेश चौधरी और मुख्तार अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.