भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष और सीएम 31 अगस्त को कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद
सिटी पोस्ट लाइव, मेदिनीनगर: बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से 31 अगस्त को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं मुख्यमंत्री रघुवर दास यहां सीधा संवाद करेंगे। संगठन का विस्तार निरंतर हो रहा है। सभी को पार्टी की जवाबदेही देनी है। यह चुनावी वर्ष है इसलिए जवाबदेही भी बड़ी होगी। यह विचार सोमवार को परिसदन भवन में मंडल अध्यक्ष विधानसभा कोर कमेटी जिला पदाधिकारी एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भाजपा झारखंड प्रदेश के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक बनने वाले नए सदस्यों का प्रशिक्षण भी जरूरी है। इसलिए ही बूथ सम्मेलन करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। पार्टी कार्यकर्ता सक्रियता एवं ईमानदारी के साथ देश एवं समाज के उन्नति के लिए कार्य कर अपनी सहभागिता निभायें। बैठक में प्रमंडलीय प्रभारी आदित्य साहू ने कहा कि 31 अगस्त को कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम रघुवर दास पलामू आ रहे हैं। कार्यकर्ता आज से ही उत्साह के साथ इस कार्यक्रम की तैयारी करें। स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि संगठन से बड़ा कोई नहीं है। कार्यकर्ता पार्टी की जवाबदेही पूरी निष्ठा के साथ निभायें। जिला प्रभारी बालमुकुंद सहाय, विधायक आलोक चौरसिया एवं महापौर अरुणा शंकर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में श्याम नारायण दुबे, विधायक राधाकृष्ण किशोर, सत्येंद्र तिवारी, प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, उपमहापौर मंगल सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष संजय सिह, विपिन सिंह, ज्योतिश्वर सिंह, अरविंद सिंह, प्रेम सिंह व राजेश गुप्ता समेत तमाम प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे।
Comments are closed.