विधानसभा चुनाव में घर-घर दस्तक दे रहे हैं राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों में जनसंपर्क और प्रचार की जबर्दस्त होड़ लगी है। उम्मीदवार घर-घर जाकर लोगों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। विधानसभा में पहुंचने के लिये भाजपा, कांग्रेस, झामुमो, राजद, जदयू सहित अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों ने अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। उम्मीदवार सुबह 10 बजे से वोट मांगने निकल कर देर रात तक लोगों से जनसंपर्क कर रहे हैं। चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटना शुरू हो गयी है। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के लिये विभिन्न राजनीतिक दलों की जनसभाओं व रोड शो की रणनीति को अंजाम देने में लगे हैं। रांची विधानसभा सीट से भाजपा ने नगर विकास मंत्री सीपी सिंह को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है, जबकि गठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महुआ माजी उम्मीदवार हैं। आम आदमी पार्टी (आप) ने राजन सिंह को उम्मीदवार बनाया है। रांची सीट के लिए महुआ माजी और राजन सिंह ने नामांकन दाखिल कर दिया है, लेकिन सीपी सिंह ने अभी नामांकन नहीं किया है। संभावना जतायी जा रही है कि एक-दो दिन के अंदर वह नामांकन दाखिल करेंगे। इधर, हटिया विधानसभा सीट से भाजपा ने विधायक नवीन जायसवाल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि गठबंधन के तहत कांग्रेस ने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के उपाध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव को उम्मीदवार बनाया है। अजय शाहदेव ने नामांकन कर दिया है, लेकिन नवीन जायसवाल ने अभी नामांकन दाखिल नहीं किया है। बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी पूरी तरह से सक्रिय हो गयी है। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। आने वाले दिनों में पार्टी के स्टार प्रचारक भी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे। आप के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि पार्टी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है। पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर उम्मीदवार के पक्ष में मतदान देने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि घर-घर जनसंपर्क अभियान के दौरान पार्टी को समर्थन मिल रहा है। वर्मा ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुकी है। जनता अब भाजपा सरकार से छुटकारा पाना चाहती है। विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाने का काम करेगी।
Comments are closed.