सिटी पोस्ट लाइव : बेगूसराय में मुंडन संस्कार में शामिल होने गए युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। घटना साहेबपुर कमाल रेलवे स्टेशन से पश्चिम रेलवे ट्रैक के पास की है। घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह लोग शनिवार की सुबह अपने खेत में काम करने जा रहे थे। इसी क्रम में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस शव की जांच कर रही थी तो इसी दौरान उन्होंने मृतक के जेब से मोबाइल बरामद किया,जो स्विच ऑफ था। बाद में स्विच ऑन करने पर मोबाइल पर फोन आना शुरू हो गया, जिसके बाद उनके परिजनों को घटना की सूचना दी गई। मृतक युवक की पहचान खगड़िया जिला के आवास बोर्ड निवासी रौशन कुमार के रूप में की गई। रौशन दिल्ली में रहता था।
वह अपने भाई बहन के साथ अपना मुंडन करवाने के लिए दिल्ली से आया हुआ था। मुंडन 27 नवंबर शुक्रवार को हुआ। मुंगेर घाट में मुंडन के बाद वह लापता हो गया, परिजन ने उन्हें बहुत खोजने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मिला। फ़ोन करने पर उसका मोबाइल बाद में स्विच ऑफ बताता रहा था। वहीं सुबह जब पुलिस के हाथ फोन लगी तो उनके परिजनों को इस संबंध में जानकारी मिल पाई। जिसके बाद उनके परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की, जिसके बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया।वहीं स्थानीय थाना साहेबपुर कमाल ने तत्काल घटना की सूचना खगड़िया जीआरपी को दिया। वहीं घटनास्थल पर पहुंच कर खगड़िया जीआरपी ने घटनास्थल का जायजा लिया और बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Comments are closed.