टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित होगा झारखंड : रघुवर दास
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य को टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में टेक्सटाइल कंपनियां झारखंड में उत्पादन शुरू करेंगी और नौजवानों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। रविवार को यहां नामकुम के रामपुर में अरविंद स्मार्ट टेक्सटाइल की पहली यूनिट के उदघाटन और फेज 2 का भूमि पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि टेक्सटाइल उद्योग में सबसे ज्यादा रोजगार के अवसर हैं।टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने देशभर में सबसे बेहतरीन टेक्सटाइल नीति बनायी है। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए इस नीति में विशेष प्रावधान किया गया है। नीति के तहत महिलाओं को रोजगार देने पर कंपनी के अतिरिक्त 1000 की सब्सिडी दी जा रही है। प्रति पुरुष रोजगार पर 5000 रुपये तथा प्रति महिला रोजगार पर 6000 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। जल्द ही टेक्सटाइल नीति में कुछ संशोधन कर टेक्सटाइल पार्क बनाने को प्रोत्साहित किया जायेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में 3700 मैट्रिक टन तसर का उत्पादन होता है, इसमें लगभग 2600 मैट्रिक टन का उत्पादन केवल झारखंड में होता है। यहां का तसर मुख्य रूप से अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी व स्विटजरलैंड को निर्यात किया जाता है। सरकार का प्रयास है कि झारखंड में ही इसका वैल्यू एडेड प्लांट लगाया जाये जिससे लोगों को रोजगार और सरकार को राजस्व मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि मोमेंटम झारखंड के बाद राज्य में अब तक वस्त्र उद्योग से संबंधित 30 कंपनियों का शिलान्यास किया जा चुका है। इसमें से चार कंपनियां ओरिएंट क्राफ्ट, किशोर एक्सपोर्ट, सिद्दिटेक व अरविंद मिल्स ने उत्पादन भी शुरू कर दिया है। आज से शुरू हुए अरविंद स्मार्ट टेक्सटाइल से ही 2000 लोगों को रोजगार मिला है। दूसरे फेज में छह हजार और लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। इनके अलावा 26 कंपनियों द्वारा 1367 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इससे 26000 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के आठ कंपनियों के प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है।मुख्यमंत्री ने झारखंड सरकार स्किल डवलपमेंट के जरिए श्रम शक्ति को मजबूत किए जाने पर काम कर रही है। साथ ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी लगातार काम हो रहा है। कार्यक्रम में सविता कुमारी (चतरा), रुबीना ख़ातून (गुमला), सावित्री कुमारी (टाटीसिल्वे) व प्रियंका पटेल (हजारीबाग) ने अपने अनुभव साझा किये। इस दौरान खिजरी विधायक राम कुमार पाहन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, उद्योग सचिव के रविकुमार, उद्योग निदेशक जिशान क़मर, अरविंद मिल्स के कार्यकारी निदेशक कुनील लालभाई, सीइओ सुशील कौल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Comments are closed.