रांची : पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में चार राज्यों में भाजपा को ऐतिहासिक विजय मिली है। उन्होंने वहां की जनता को हार्दिक बधाई दी है। साथ ही पार्टी के शीर्षस्थ नेतृत्व और करिश्माई व्यक्तित्व के स्वामी प्रधानमंत्री को इस जीत के लिए बधाई दी है। दास गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के जनादेश ने नकारात्मक राजनीति को नकारा है तथा लोकतंत्र, विकास और सुशासन के कार्यों को पुरस्कृत किया है। इन चुनावों में जातिवाद, संप्रदायवाद के खिलाफ विकासवाद और राष्ट्रवाद की विजय हुई है। दास ने कहा कि चार राज्यों की विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी सफलता ने पूरे देश को आंदोलित कर दिया है। यह सोचने को मजबूर किया है कि भाजपा सिर्फ सत्ता पाने के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि जनसेवा के लिए राजनीति करती है। इस जीत ने देश भर में पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान की है। कोरोना काल से लेकर रूस-यूक्रेन युद्ध तक मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को हमेशा बचाया है।
उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक विजय नहीं है, बल्कि यह उस विचारधारा के प्रति जनादेश है, जिसके मूल में राष्ट्रहित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि चारों राज्यों में मिली सफलता विजय पर्व का शुभारंभ है। इस विजय पर्व के बाद हमारी पार्टी की विजय यात्रा उन राज्यों में भी पहुंचेगी, जहां वर्ष 2023 में चुनाव होने जा रहे हैं तथा 2024 के संसदीय चुनाव में भी बड़ा जनादेश प्राप्त कर मोदी के नेतृत्व में भाजपा के सिर पर विजय का सेहरा बंधना तय है।
Comments are closed.