City Post Live
NEWS 24x7

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी देश को भ्रमित कर रहे हैं: गिरिराज सिंह

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी देश को भ्रमित कर रहे हैं: गिरिराज सिंह

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी देश को भ्रमित कर रहे हैं। जो काम मुगलों और अंग्रजों ने नहीं किया, वह राहुल गांधी, ओवैसी और टुकड़े-टुकड़े गैंग कर रहे हैं। गिरिराज सिंह शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि संसद में नागरिकता कानून बनने के बाद कांग्रेस, विपक्ष, टुकड़े-टुकड़े गैंग देश को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। सवाल यह नहीं है कि यह कानून 2019 में आया, सवाल यह है कि भारत का विभाजन धर्म के आधार पर किया गया। आज पाकिस्तान में हिन्दू, सिख, जैन, ईसाई, बौद्ध पर अत्याचार हो रहा है। कांग्रेस की दोहरी नीति और व्यवहार के कारण देश में भ्रम डालने की कोशिश हो रही है। ये गांधी के आदर्शों की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने 12 जुलाई 1947 में कहा था कि जिन्हें पाकिस्तान से भगाया गया था, वे भारत के नागरिक हैं। 1950 में कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम पट्टारमैया ने भी यही बात कही थी। इसके अलावा कई अन्य नेताओं ने भी यही बात दोहरायी। इसके अलावा यूपीए के सरकार में भी कई नेताओं ने यह बात कही थी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में रहने वाले अल्पसंख्यक हिन्दुओं पर अत्याचार हो रहा है। मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि नागरिकता कानून कब बना। पाकिस्तान में हिन्दुओं, बौद्ध, सिख, ईसाई का उत्पीड़न हो रहा है। कांग्रेस सिर्फ वोटबैंक की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि मैं पूछता हूं कि पासपोर्ट बनाने में सभी लोग कानून को जानकारी देते हैं कि नहीं। आज कोई मुसलमान बोले कि आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं में किसी तरह का भेदभाव हुआ है क्या। अगर किसी को तकलीफ है तो राहुल गांधी, ओवैसी और विपक्ष को है। ये वही लोग हैं जो 70 साल से अनुच्छेद 370, 35 ए, राममंदिर का विरोध करते थे। ओवैसी संसद में राष्ट्रगान का अपमान करते हैं। उनका भाई कहता है कि 15 मिनट के लिए पुलिस को हटा दो, क्या यह सामाजिक समरसता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नहीं डरे, बल्कि ये लोग डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज नागरिकता कानून के पक्ष में लोग खड़े हैं। उन्होंने विपक्ष को आगाह करते हुए कहा कि अगर विपक्ष में नैतिकता है तो झूठ की राजनीति करना बंद करे। मैं झारखंड के लोगों और मुसलमानों से कहता हूं कि मोदी ने सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र पर काम किया। मोदी राज में हिन्दू-मुस्लिम नहीं, सबका साथ सबका विकास है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता किसी के बहकावे में नहीं आये। जो लोग सोये हैं, उन्हें जगाया जा सकता है लेकिन जो जगे हैं, उन्हें नहीं। उन्होंने कहा कि नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर (एनपीआर) आनेवाला है। ये पहली बार नहीं है। जनगणना नहीं होगी तो योजनाएं कैसे बनेंगी। आयुष्मान भारत, उज्जवला योजना, शौचालय निर्माण में टैक्स नहीं लगा लेकिन विपक्ष भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के पीएम हैं न कि आरएसएस के। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को ज्ञान नहीं है। उन्होंने राफेल पर माफी मांगी है और इसपर भी माफी मांगनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने माना है कि तीन स्थानों पर डिटेंशन सेंटर है, जिसमें 300 से ज्यादा लोग हैं। देश की जनता इनका मुंहतोड़ जवाब देगी। पाकिस्तान में हिन्दू सुरक्षित नहीं है। वहां हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रतिवर्ष 1000 से अधिक दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। आज पाकिस्तान में हिन्दुओं की संख्या मात्र एक प्रतिशत बच गयी है। वहां कानून नाम की कोई चीज नहीं है। आज पाकिस्तान में सिर्फ 40 मंदिर बचे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हम उन्हें नागरिकता भी देंगे और घर भी देंगे। लेकिन आज देश में टुकड़े-टुकड़े गैंग बगावत फैला रहे हैं। भारत कोई धर्मशाला नहीं है घुसपैठियों के लिए। राहुल गांधी घुसपैठियों को इटली ले जायें। कांग्रेस ने 70 साल तक हिन्दुओं के साथ पाप किया है। झारखंड पर उन्होंने कहा कि नई सरकार को शुभकामनाएं।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.