मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर पूर्वी से किया नामांकन
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा से छठी बार जमशेदपुर पूर्वी से नामांकन दाखिल किया। उनका मुकाबला भाजपा के बागी निर्दलीय उम्मीदवार सरयू राय से होगा। मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे के बाद अपना पर्चा दाखिल करने पहुंचे। पर्चा भरने के बाद उन्होंने कहा कि जनता का अपार स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी पूंजी है। जमशेदपुर की जनता ने सदैव झारखंड के विकास को नई गति दी है। वंशवाद और भ्रष्टाचार पर अबकी बार हमें आखिरी प्रहार करना है। झारखंड का सर्वांगीण विकास ही मेरी जिंदगी का एकमात्र लक्ष्य है। पर्चा भरने के लिए बाराद्वारी से पैदल मार्च कर अपने समर्थकों के साथ वे एसडीओ कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर सीएम दास के साथ सांसद विद्युतवरण महतो, ईचागढ़ विधायक सह भाजपा प्रत्याशी साधु चरण महतो, कुलवंत सिंह बंटी, रामबाबू तिवारी सहित भारी संख्या में समर्थक उपस्थित थे। नामांकन दाखिल करने से पहले मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मां शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और समस्त झारखंडवासियों पर कृपा बने रहने की कामना की। साथ ही रघुवर दास ने अपनी बड़ी बहन का आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने कहा कि परिवारजनों के आशीर्वाद से एकबार फिर जनता के बीच उनका स्नेह लेने जा रहा हूं।
झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री हैं रघुवर दास
रघुवर दास झारखंड के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री हैं। दास वर्ष 1977 में जनता पार्टी के सदस्य बने थे। वर्ष 1980 में भाजपा की स्थापना के साथ ही वह सक्रिय राजनीति में आए। उन्होंने वर्ष 1995 में पहली बार जमशेदपुर पूर्वी से विधानसभा का चुनाव लड़ा और विधायक बने। तब से लगातार पांचवीं बार उन्होंने इसी क्षेत्र से विधानसभा चुनाव जीता है। दास 15 नवंबर 2000 से 17 मार्च 2003 तक राज्य के श्रम मंत्री रहे। फिर मार्च 2003 से 14 जुलाई 2004 तक वे भवन निर्माण और 12 मार्च 2005 से 14 सितंबर 2006 तक झारखंड के वित्त, वाणिज्य और नगर विकास मंत्री रहे। इसके अलावा दास 2009 से 30 मई 2010 तक झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ बनी भाजपा की गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री और संसदीय कार्य मंत्री भी रहे।
दूसरे चरण की 20 सीटों पर हुआ नामांकन, वापसी का अंतिम दिन 21 नवंबर
राज्य में दूसरे चरण में 20 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इनमें बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, सरायकेला, खरसावां, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, तमाड़, मांडर, तोरपा, खूंटी, सिसई, सिमडेगा तथा कोलेबिरा शामिल हैं। यहां नामांकन का आखिरी दिन सोमवार है। इन विधानसभा क्षेत्रों में दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 19 नवंबर को होगी, जबकि 21 नवंबर तक नाम वापस लिए जाएंगे। इन सीटों पर सात दिसंबर को मतदान होना है।
Comments are closed.