राष्ट्रपति तीन दिवसीय दौरे पर कल आयेंगे रांची, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार को रांची आयेंगे। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को एयरपोर्ट से राजभवन तक उनके कारकेड का रिहर्सल किया गया। रिहर्सल के दौरान 11 वाहन थे। राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक चप्पे-चप्पे पर जवानों की तैनाती रहेगी। इस दौरान कई सड़कों को कुछ समय तक बंद कर दिया जायेगा। बड़ी बिल्डिंगों पर पुलिस के शार्प शूटर भी तैनात रहेंगे। राजभवन के सभी गेटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। लगभग 2000 जवानों को तैनात किया गया है।
क्या है कार्यक्रम
राष्ट्रपति विशेष विमान से शाम छह बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें राजभवन ले जाया जायेगा। राष्ट्रपति राजभवन में ही भोजन और रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन रविवार को वह सुबह नौ बजे हेलीकाप्टर से गुमला के विशुनपुर जायेंगे। वहां पर विकास भारती के कार्यों का अवलोकन करेंगे। साथ ही ज्ञान निकेतन में पढ़ने वाले आदिम जनजाति के बच्चों और टाना भगतों से मुलाकात करेंगे। फिर वहां से वह 10 :55 बजे देवघर के लिए रवाना होंगे। वहां बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा करने के बाद रांची लौटेंगे। सोमवार को वह रांची विवि के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे। एडीजी अभियान मुरारी लाल मीणा ने बताया कि राष्ट्रपति के सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। सुरक्षा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।
Comments are closed.