City Post Live
NEWS 24x7

झारखंड विस चुनाव में गठबंधन के साथ 65 प्लस का लक्ष्य : जेपी नड्डा

झारखंड भाजपा कोर कमेटी की बैठक में नड्डा ने तय की विधानसभा चुनाव की रणनीति 

-sponsored-

-sponsored-

- Sponsored -

झारखंड विस चुनाव में गठबंधन के साथ 65 प्लस का लक्ष्य : जेपी नड्डा
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित अतिथिशाला में आयोजित प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में शामिल हुए। इसमें आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।गठबंधन सहित 65 प्लस पर फोकस रहा। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव के बाद राज्य में बनी राजनीतिक स्थितियों और प्रदेश में सदस्यता अभियान को लेकर विस्तृत विचार विमर्श हुआ। इस दौरान नड्डा ने कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिये। बैठक में नड्डा ने कहा कि झारखंड की जनता ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में हमें भरपूर आशीर्वाद और समर्थन दिया है। हमें पूरा विश्वास है कि यही आशीर्वाद और समर्थन आने वाले विधानसभा चुनाव में भी मिलेगा। भाजपा गठबंधन के साथ 65 प्लस के लक्ष्य को प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि 6 जुलाई से शुरू संगठन पर्व सदस्यता अभियान में पार्टी झारखंड में 25 लाख सदस्य बनायेगी। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाना है, ताकि हमारी पहुंच घर-घर तक हो जाये। सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी के सभी विस्तार अपने-अपने क्षेत्र में एक-एक सप्ताह का प्रवास करेंगे। इसमें कुछ जगहों पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ही शामिल होंगे। बैठक में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा मुख्यमंत्री रघुवर दास, केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, प्रदेश सह प्रभारी रामविचार नेताम, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, सुदर्शन भगत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय, राज्य सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा और सांसद सुनील सिंह शामिल हुए।
आजसू और लोजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी भाजपा, जदयू का तय नहीं
कोर कमेटी की बैठक दौरान जेपी नड्डा ने आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव में गठबंधन के साथ 65 प्लस का लक्ष्य प्राप्त करने पर विशेष फोकस किया। इससे स्पष्ट हो गया कि विधानसभा चुनाव भी भाजपा अपनी सहयोगी आजसू पार्टी (ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन पार्टी) के साथ ही लड़ेगी। इसमें लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) भी शामिल होगी, गठबंधन का स्वरूप क्या होगा, यह आगे तय होगा। एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में भाजपा कितनी सीटों पर लड़ेगी और सहयोगी दलों को कितनी सीटें दी जायेगी, यह तय होना अभी बाकी है। जदयू (जनता दल यूनाइटेड) गठबंधन में शामिल होगा या नहीं, यह तय नहीं है। कोर कमेटी की बैठक में भी भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष की बातों में भी यह कहीं स्पष्ट नहीं हुआ।
सीएम आवास पर सांसद और विधायकों के साथ करेंगे बैठक 
पार्टी के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि नड्डा दो दिनों तक अलग-अलग बैठकों में भाग लेंगे। शनिवार रात करीब आठ बजे जेपी नड्डा मुख्यमंत्री आवास पर सांसद और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इससे पहले कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने के बाद जेपी नड्डा ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, सदस्यता प्रभारी और सह प्रभारी के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्‍होंने पार्टी के संगठन पर्व सदस्यता अभियान और राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि रात्रि विश्राम स्टेट गेस्ट हाउस में करने के बाद अगले दिन रविवार को वे ओरमांझी के पांचा गांव स्थित बूथ पर जाएंगे। यहां वे पार्टी के बूथ स्तरीय सदस्यता अभियान में शामिल होंगे। पौधरोपण कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। रविवार की दोपहर नई दिल्ली लौट जाएंगे।
रांची में नड्डा का स्वागत :
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा दाे दिवसीय दाैरे पर शनिवार सुबह रांची पहुंचे। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भाजपा के मंत्रियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। यहां से निकलकर नड्डा बिरसा चौक पहुंचे। वहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर  माल्यार्पण किया। भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा का ये पहला झारखंड दौरा है।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.