मोदी 2014 के लोकसभा चुनाव के समय लोगों के दिमाग में थे,अब दिल में : रघुवर दास
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2014 के लोकसभा चुनाव के समय लोगों के दिमाग में थे। इस बार वह लोगों के दिल में हैं। इसलिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) इस बार 400 का आंकड़ा पार करेगा। मुख्यमंत्री यहां संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारधारा का विरोध होता है, इसलिए हल्के शब्दों का प्रयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी समझ चुके हैं कि वह कांग्रेस पर बोझ बन गये हैं और देश व विपक्ष उन्हें ढोने को तैयार नहीं है। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में कांग्रेस के साथ जो व्यवहार विपक्ष ने किया वह जगजाहिर है। इसलिए ‘खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे’ मुहावरे कोे चरितार्थ कर रहे राहुल गांधी शब्दों की मर्यादा का भी ख्याल नहीं रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में सबसे बड़ी सांप्रदायिक पार्टी कांग्रेस है जबकि भाजपा देश को जोड़ने का काम कर रही है। कांग्रेस ने 1971 में गरीबी हटाओ का नारा दिया था और देश पर 55 वर्षों तक राज्य करने के बाद भी वह गरीबी खत्म नहीं कर सकी और केवल कुछ अमीरोंं को फलने-फूलने दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने गांव, गरीब और किसान से केवल झूठे वायदे किये हैं लेकिन अब देश की जनता समझ गयी है। बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने कोई काम नहीं किया जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिशा में कौशल विकास मंत्रालय का गठन कर युवाओं को कौशलमंद बनाने का काम किया है और उन्हें रोजगार से जोड़ा है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लोकसभा टिकट से वंचित भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवीन्द्र राय और सांसद रामटहल चौधरी का बयान उन्होंने पढ़ा है। दोनों पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र पर चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि 2019 में एक बार फिर नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे, क्योंकि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने समाज के हर क्षेत्र के लिए काम किया और सबका साथ, सबका विकास की अवधारणा को सार्थक करके दिखाया है।
Comments are closed.