City Post Live
NEWS 24x7

गठबंधन का खाका तैयार, सीटों के बंटवारे में खुलेगी गांठ

- Sponsored -

- Sponsored -

-sponsored-

गठबंधन का खाका तैयार, सीटों के बंटवारे में खुलेगी गांठ

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड में लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के गठबंधन का खाका तैयार हो गया है लेकिन अभी भी इसमें पेंच है। गठबंधन की गांठ सीटों के बंटवारे में खुलेगी। विपक्षी दलों के नेताओं में अबतक इस बात पर सहमति बनी है कि लोकसभा चुनाव कांग्रेस और विधानसभा चुनाव झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व में लड़ा जायेगा। हालांकि, इस संबंध में अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान के साथ होनेवाली बैठक में लिया जायेगा। झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी उमंग सिंघार ने पिछले दिनों अपने रांची प्रवास के दौरान कहा कि झारखंड में गठबंधन की सरकार बनाना पार्टी की प्राथमिकता है। गठबंधन के स्वरूप के बारे में सिंघार ने कहा कि इस पर पार्टी हाईकमान फैसला लेगा। सूत्रों के अनुसार गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अगले कुछ दिनों में फिर बैठक होगी। इसमें विभिन्न दलों की दावेदारी पर विचार होगा। सूत्रों ने दावा किया है कि 30 जनवरी तक सीटों के बंटवारे पर फैसला हो जायेगा और 31 जनवरी को गठबंधन की घोषणा कर दी जायेगी। लेकिन सीटों का बंटवारा आसान नहीं होगा। क्योकि झामुमो, कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सहित वामपंथी दल भी सीटों के लिये दावा करेंगे। जहां तक लोकसभा सीटों की बात है,सात सीटों पर कई दल के दावेदार हैं। कांग्रेस राज्य की 14 में से कम से कम सात सीटों पर दावा कर रही है। झामुमो अनुसूचित जनजाति एसटी के लिये सुरक्षित सभी सीटों पर लड़ने का दावा पहले ही कर चुका है। कोल्हान प्रमंडल की दो सीटों जमशेदपुर व चाईबासा को लेकर कांग्रेस और झामुमो आमने- सामने होंगे। जमशेदपुर से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार की चुनाव लड़ने की तैयारी है। जबकि गीता कोड़ा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद चाईबासा सीट पर उनकी दावेदारी तय मानी जा रही है। कोल्हान झामुमो का परंपरागत गढ़ रहा है। वह इस क्षेत्र में अपनी मौजूदगी जरूर दर्ज कराना चाहेगा। ऐसे में झामुमो कांग्रेस को धनबाद सीट ऑफर कर सकता है। गिरिडीह सीट पर भी कांग्रेस और झामुमो के कई नेताओं की नजर है। इनमें प्रबल दावेदार कांग्रेस के पूर्व सांसद सरफराज अहमद हैं। राजद लोकसभा की तीन सीटों पलामू,चतरा और कोडरमा पर दावा करने की तैयारी में है। झाविमो कोडरमा और गोड्डा सहित लोकसभा की चार सीटों पर लड़ना चाहता है। कोडरमा सीट को लेकर झाविमो और राजद आमने- सामने होंगे। कोडरमा से झाविमो प्रमुख बाबू लाल मरांडी और राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी दोनों लड़ने के इच्छुक हैं। गोड्डा से कांग्रेस के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी इस सीट पर कोई समझौता के लिये तैयार नहीं हैं। जबकि झाविमो गोड्डा से पार्टी विधायक दल के नेता प्रदीप यादव को लड़ाना चाहती है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) हजारीबाग लोकसभा सीट पर दावा कर रही है। भाकपा के भुवनेश्वर प्रसाद मेहता लोकसभा में हजारीबाग का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान की ओर से जो फार्मूला सुझाया है, उसके मुताबिक कांग्रेस को सात, झामुमो को चार, झाविमो को दो और राजद को एक सीट दी गयी है। यदि इस फार्मूले को लागू किया जाता है तो कांग्रेस, झामुमो, झाविमो और राजद को कई सीटों पर आपस में सहमति बनानी होगी।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.