भाजपा ने हेमंत पर झारखंड को अशांत करने की साजिश का लगाया आरोप
सिटी पोस्ट लाइव, रांची : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस बयान पर कड़ी आपत्ति की है जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार से आकर बसे लोगों के बारे में अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया था। शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन ऐसे बयानों के जरिए राज्य को अशांत करने में लगे हैं। प्रतुल सोमवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा की महागठबंधन अब महाविध्वंस गठबंधन का रूप ले रहा है। बाबूलाल मरांडी डोमिसाइल की आग में प्रदेश को पहले ही झोंक चुके हैं और अब हेमंत सोरेन बाहरी भीतरी का नारा देकर प्रदेश को अशांत करने में लगे हैं। शाहदेव ने कांग्रेस से जानना चाहा कि इस तरह के भड़काऊ बयान और गैर संवैधानिक बातें करने वाले हेमंत सोरेन का वह पिछलग्गु कैसे बन बैठी है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन दरसल रघुवर सरकार के द्वारा आदिवासी मूल वासियों के विकास में किए गए कार्यों से बदहवास हो गए हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा और हेमंत सोरेन ने आदिवासी मूल वासियों को सिर्फ वोट बैंक के रूप में प्रयोग किया था जबकि रघुवर दास के नेतृत्व में राज्य सरकार ने उनके विकास के लिए बड़े कदम उठाएं हैं। शाहदेव ने हेमंत सोरेन के उस बयान को हास्यास्पद बताया कि 2019 के बाद भाजपाइयों को वह गांव में घुसने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव के बाद प्रदेश की जनता झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवारों को विधानसभा में घुसने नहीं देगी। शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन की संघर्ष यात्रा में तोरपा में जो थोड़ी बहुत भीड़ हुई थी उसको एक विशेष धर्म स्थल से संडे प्राथर्ना के बाद रैली में जाने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने कहा की इस से स्पष्ट है कि हेमंत सोरेन धर्मांतरण में लिप्त शक्तियों के हाथों में खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा पत्थलगड़ी में राष्ट्र विरोधी शक्तियों का समर्थन कर चुकी है। धर्मांतरण के मुद्दे पर राष्ट्र को तोड़ने में लगी शक्तियों का साथ दे रही है। इसके नेता सीएनटी एसपीटी का जमकर उल्लंघन कर रहे हैं। इन सब बातों के बाद झामुमो और उसके नेताओं के मुंह से नैतिकता की बात करना और भाजपा पर प्रश्न करना शोभा नहीं देता।
Comments are closed.